Pune City News: पुणे में गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई के आदेश

पुणे में गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई के आदेश
चंद्रकांत पाटील और मुरलीधर मोहोल ने पुलिस आयुक्त से की चर्चा

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर चिंता जताते हुए राज्य के तकनीकी और शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में शहर की गुंडागर्दी का सफाया किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि अगर कोई व्यक्ति उनका या केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल का नाम लेकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करता है, तो उसे किसी भी तरह की रियायत न दी जाए।

शुक्रवार को शहर में बढ़ते अपराधों की पृष्ठभूमि पर चंद्रकांत पाटील और केंद्रीय नागरी उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से मुलाकात की। चर्चा के बाद दोनों नेताओं ने पुलिस आयुक्तालय में पत्रकारों से बातचीत की।

पाटील ने कहा कि शहर में बढ़ते अपराधों से पुणे की छवि धूमिल हो रही है। कुछ लोग जानबूझकर भारतीय जनता पार्टी को इन घटनाओं से जोड़कर गलत प्रचार कर रहे हैं। यह राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित आरोप हैं। कृपया शहर की बदनामी न करें। भाजपा किसी भी गुंडे या अपराधी को समर्थन देने वाली पार्टी नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि कोथरूड के नीलेश घायवल मामले में मेरा नाम, और जैन बोर्डिंग प्रकरण में मुरलीधर मोहोल का नाम जोड़कर कुछ लोग सस्ती राजनीति कर रहे हैं। बिना सबूत आरोप लगाना अनुचित है। भाजपा एक विचारधारा पर काम करने वाली पार्टी है, और हम किसी भी आपराधिक तत्व का समर्थन नहीं करते। कोथरूड फायरिंग, घायवल का विदेश भागना और उसे पासपोर्ट मिलना। इन घटनाओं से हमारा कोई संबंध नहीं है।

पाटील ने यह भी कहा कि पुणे तेजी से विकास कर रहा है और यहां बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। ऐसे समय में विकास की बजाय कुछ लोग निराधार आरोपों से शहर का नाम खराब कर रहे हैं। ऐसे व्यवहार से पुणे की प्रतिष्ठा और विकास दोनों को नुकसान पहुंच रहा है।

पत्रकारों ने जब उनसे पार्थ पवार की अमोडिया होल्डिंग्ज कंपनी से जुड़े जमीन घोटाले पर सवाल पूछा, तो पाटील ने इस पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया और कहा कि उन्होंने पुलिस आयुक्त से शहर की अपराध स्थिति पर ही चर्चा की है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में कोथरूड में दो गुटों में झगड़ा हुआ है। इस मामले में एक आरोपी पर मामला दर्ज हुआ है। पुलिस को कोथरूड में जातीय तनाव पर भी नजर रखनी चाहिए। इस तरह की घटनाएं शहर के लिए ठीक नहीं हैं।

गुंडों की बेनामी संपत्ति जब्त करने के आदेश

चंद्रकांत पाटील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुंडों की आर्थिक गतिविधियों और अवैध संपत्ति की जांच ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आयकर विभाग से कराई जाए। उन्होंने कहा कि इन गिरोहों को आर्थिक मदद कहां से मिलती है, इसकी पूरी छानबीन की जानी चाहिए और उनकी बेनामी संपत्तियां जब्त की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि शहर के बिल्डरों और पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाए, ताकि गुंडों द्वारा की जा रही जबरन वसूली और धमकी जैसे मामलों को रोकने के उपाय किए जा सकें।

Created On :   8 Nov 2025 2:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story