Satna News: एमएलबी स्कूल की जर्जर दीवार के गिरने से ३ छात्राओं समेत ४ जख्मी, ३ वाहन भी क्षतिग्रस्त, एक की हालत गंभीर

एमएलबी स्कूल की जर्जर दीवार के गिरने से ३ छात्राओं समेत ४ जख्मी, ३ वाहन भी क्षतिग्रस्त, एक की हालत गंभीर
मेन मार्केट में स्टेशन रोड पर स्थित पीएमश्री महारानी लक्ष्मी बाई हायर सेकंडरी स्कूल की अति जर्जर हो चुकी उत्तरी दीवार गिरने से तीन छात्राओं समेत ४ लोग जख्मी हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है।

Satna News: मेन मार्केट में स्टेशन रोड पर स्थित पीएमश्री महारानी लक्ष्मी बाई हायर सेकंडरी स्कूल की अति जर्जर हो चुकी उत्तरी दीवार गिरने से तीन छात्राओं समेत ४ लोग जख्मी हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षर्दियों ने बताया कि दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे बबूल का पेड़ जर्जर दीवार पर गिरा। पेड़ गिरने से ७ फीट ऊंची दीवार का ३० फीट लंबा हिस्सा भरभरा गया। दीवार के इसी मलबे की चपेट में आने से कोलगवां निवासी खुशी यादव पुत्री शिवअवतार,प्रियांशी रजक पुत्री ओम प्रकाश, एक अन्य छात्रा और प्रियांशी का छोटा भाई जख्मी हो गया। इनमें से खुशी को घातक चोट लगी हैं। जबकि शेष अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस घटना के दौरान एक साइकिल,स्कूटर और बाइक समेत ४ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

दाखिले की जानकाारी लेने आई थीं छात्राएं

बताया गया है कि सीनियर स्टूडेंट खुशी यादव के साथ दाखिले की जानकारी लेने के लिए प्रियांशी अपने छोटे भाई के साथ स्कूल आई थी। लौटने के बाद तीनों फास्टफूड के ठेले पर पहुंचे ही थे कि दीवार गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने एक अन्य छात्रा समेत तीनों को मलबे से निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए।

आखिर,कौन जिम्मेदार

बड़ा सवाल यह है कि दीवार गिरने की इस घटना के लिए आखिर कौन,जिम्मेदार है? कहते है, जर्जर दीवार के संबंध में स्टाफ ने कई बार एमएलबी के तत्तकालीन प्राचार्य विश्वनाथ शुक्ला को चेताया था,मगर उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। दीगर मामले में श्री शुक्ला के निलंबन के बाद जिन शिक्षिका को प्राचार्य का प्रभार मिला वे भोपाल में ट्रेनिंग पर हैं।

इनका कहना है-

पेड़ गिरने से दीवार गिरी। एमएलबी स्कूल की छात्राएं प्रभावित नहीं हुई हैं। क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत शाला मद से कराया जाएगा।

गिरीश अग्निहोत्री , प्रभारी डीईओ

डेंजर जोन में हैं सतना-मैहर जिलों

मौजूदा समय में सतना और मैहर जिलों के १३८ सरकारी स्कूल भवन जानलेवा हद तक जर्जर हो चुके हैं। इनमें प्राथमिक,माध्यमिक ,हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्टैंडर्ड के भवन या फिर उनके कक्ष शामिल हैं। खतरे को भांपते हुए जिला प्रशासन ने डेंजर जोन में शामिल ऐसे भवनों में अध्ययन एवं अध्यापन कार्य पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। इस बैन का उल्लंघन कर अगर कक्षाएं चलाई जाती हैं और ऐसे में कोई हादसा होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रभारी की होगी।

फैक्ट फाइल (ब्लाकवार स्थिति)

नागौद : ३३

मझगवां : २८

उचेहरा : २४

अमरपाटन: १९

रामपुर बघेलान : १६

रामनगर : ११

सोहावल : ६

मैहर : १

कुल- १३८

Created On :   3 July 2026 3:19 PM IST

Tags

Next Story