- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का...
Satna News: मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 वारदातों का खुलासा, 3 खरीददारों समेत 8 गिरफ्तार

Satna News: उचेहरा पुलिस ने गोबरावकला स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर समेत 5 देव स्थानों में चोरी की वारदातों का खुलासा कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। गिरोह में चोरी करने वाले 5 और सामान खरीदने वाले 3 बदमाश शामिल हैं, जो लंबे समय से इलाके में सक्रिय थे। टीआई सतीश मिश्रा ने बताया कि मंदिर के पुजारी चंद्रिका प्रसाद पुत्र रामकरण पांडेय 70 वर्ष, बीते 27 जून की दोपहर को पूजा-अर्चना कर घर चले गए, लेकिन जब शाम की आरती के लिए वापस आए तो भगवान शंकर और माता-पार्वती के मंदिरों में लगे पीतल के घंटे गायब होने के साथ परिक्रमा मार्ग में गंदगी पड़ी मिली। यह बात पता चलते ही पुजारी ने ग्रामीणों के साथ थाने जाकर शिकायत की, जिस पर कायमी कर जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़े -एमएलबी स्कूल की जर्जर दीवार के गिरने से ३ छात्राओं समेत ४ जख्मी, ३ वाहन भी क्षतिग्रस्त, एक की हालत गंभीर
मुखबिर से मिले सुराग पर गैंग तक पहुंची पुलिस
इसी बीच वारदात के पांचवें दिन विश्वस्थ मुखबिरों से खबर लगी कि उरदनी गांव के कुछ लोग पीतल के घंटे बेचने की चर्चा कर रहे हैं। इस सुराग पर गांव में दबिश देते हुए अमित पुत्र नंदीलाल कोल 22 वर्ष, अतुल पुत्र सोमनाथ साकेत 28 वर्ष, प्रीतम पुत्र मोतीलाल कोल 24 वर्ष, विनय पुत्र विश्वनाथ साकेत 23 वर्ष और योगेन्द्र उर्फ ओम पुत्र राजबहादुर साकेत 26 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में चोरी का जुर्म कबूल कर लिया।
चोरी का सामान खरीदने वाले व्यापारी भी पकड़ाए
इतना ही नहीं आरोपियों ने खेरदाई मंदिर उरदनी, राजाबाबा मंदिर परसमनिया और नरहठी मंदिर में भी चोरी करने का खुलासा कर पूरा सामान बर्तन व्यापारी राजेश ताम्रकार पुत्र हनुमान प्रसाद 50 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-7, विजय पुत्र गुलाबचंद्र ताम्रकार 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-6 और कैलाश ताम्रकार पुत्र द्वारिका प्रसाद 41 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-13 उचेहरा, को बेचने की बात कही। ऐसे में बयान की तस्दीक करते हुए पुलिस ने तीनों व्यापारियों को भी हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 9 घंटे, 1 कलश और सिक्कों समेत लगभग 38 हजार का सामान बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को गुरुवार दोपहर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस गिरोह के पकड़े जाने से उचेहरा क्षेत्र के मंदिरों में हो रही चोरियों का सिलसिला थमने की उम्मीद जताई जा रही है।
Created On :   3 July 2026 3:37 PM IST













