Satna News: कोठी थाना अंतर्गत मनकहरी के पास आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

कोठी थाना अंतर्गत मनकहरी के पास आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत
सतना-मैहर के कई अन्य स्थानों पर भी आकाशीय बिजली गिरने की खबर आई, जिनमें जन-धन की हानि नहीं हुई।

डिजिटल डेस्क,सतना। कोठी थाना अंतर्गत मनकहरी के पास आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जिस पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक संतलाल पुत्र अभयराज पाल 36 वर्ष, निवासी गुलुवा, अपने घर से गुरुवार सुबह बकरियां लेकर मनकहरी की तरफ गया था, जहां दोपहर लगभग एक बजे अचानक बारिश शुरू हो गई, लिहाजा वह एक पेड़ के नीचे छिप गया।

इसी दौरान गरज-चमक के साथ पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन उसे कोठी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

2 जगह बकरियां मृत

गुरुवार दोपहर को ही रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के कृष्णगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 8 और खोखम गांव में 14 बकरियों की जान चली गई। इन घटनाओं के चलते बकरी पालने वालों को खासी क्षति उठानी पड़ी और उनकी जीविका का साधन भी छिन गया। सतना-मैहर के कई अन्य स्थानों पर भी आकाशीय बिजली गिरने की खबर आई, जिनमें जन-धन की हानि नहीं हुई।

Created On :   3 July 2026 2:50 PM IST

Tags

Next Story