- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- नाबालिग की मंदिर में शादी का वीडियो...
Satna News: नाबालिग की मंदिर में शादी का वीडियो वायरल, बाल विवाह की आशंका पर जांच शुरू

Satna News: बरौंधा थाना क्षेत्र से 11 मई 2026 को लापता हुई 13 वर्ष 6 माह की नाबालिग का मंदिर में विवाह करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग सक्रिय हो गया है। मामला बाल विवाह और नाबालिग से विवाह जैसे गंभीर कानूनी पहलुओं से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग घर से सामान लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। जून के अंतिम सप्ताह में पुलिस ने उसे बागेश्वर धाम, छतरपुर से दस्तयाब किया। कोर्ट में दिए बयान में बच्ची ने बताया कि वह माता-पिता की डांट-फटकार से आहत होकर स्वयं घर छोड़कर बागेश्वर धाम चली गई थी, जहां रह रही थी। उसने किसी अप्रिय घटना से इनकार किया, जिसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इसी बीच पाथरकछार स्थित देवी दाई मंदिर में एक युवक के साथ विवाह की रस्में निभाते उसका वीडियो सामने आने से मामला नया मोड़ ले चुका है। वीडियो की पुष्टि और परिस्थितियों की जांच के लिए पुलिस बच्ची एवं उसके परिजनों की तलाश कर रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, नाबालिग को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उसके बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में बाल विवाह या अन्य कानूनों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित सभी लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   3 July 2026 2:58 PM IST














