Satna News: गाजीपुर काली मंदिर में एक माह के भीतर दूसरी बार चोरी, 30 लाख से ज्यादा की चांदी उखाड़ ले गए बदमाश

गाजीपुर काली मंदिर में एक माह के भीतर दूसरी बार चोरी, 30 लाख से ज्यादा की चांदी उखाड़ ले गए बदमाश
सिंहपुर थाना अंतर्गत शिवराजपुर से लगे जंगल में स्थित देवी मंदिर एक माह के भीतर लाखों की चांदी चोरी करने की दूसरी वारदात से जहां इलाके में हडक़ंप मच गया, तो वहीं भक्तों में आक्रोश फैल गया है।

Satna News: सिंहपुर थाना अंतर्गत शिवराजपुर से लगे जंगल में स्थित देवी मंदिर एक माह के भीतर लाखों की चांदी चोरी करने की दूसरी वारदात से जहां इलाके में हडक़ंप मच गया, तो वहीं भक्तों में आक्रोश फैल गया है। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गाजीपुर स्थित काली माता के मंदिर में भक्तों की अपार आस्था है, जिसको देखते हुए उद्योगपति रूद्र प्रताप त्रिपाठी ने कुछ समय पहले लकड़ी का सिंहासन बनवाया, जिसमें लगभग 25 किलोग्राम चांदी की परत चढ़ाई गई थी। रात के समय यहां पर कोई नहीं रहता, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने 2-3 जून की रात को मंदिर के मुख्य द्वार समेत गर्भगृह का ताला तोडक़र सिंहासन में लगी 3 से 4 किलो चांदी उखाडक़र चोरी कर ली गई, यह शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध तो दर्ज किया, लेकिन चोरों को नहीं पकड़ पाई।

तब मचा हड़क़ंप -

इसी ढिलाई का फायदा उठाकर शातिर बदमाशों ने ठीक एक माह बाद 1 जुलाई की रात को दोबारा मंदिर को निशाना बनाते हुए सिंहासन में लगी 18 से 20 किलोग्राम चांदी उखाड़ ले गए, जिसकी कीमत 30 से 35 लाख बताई जा रही है। गुरुवार की सुबह जब नियमित समय पर पुजारी मंदिर पहुंचे, तो अस्त-व्यस्त हालत देखकर उनके होश उड़ गए। पुजारी ने फौरन ही ग्रामीणों को जानकारी देने के साथ थाने में भी शिकायत दर्ज करा दी। भक्तों की आस्था का केन्द्र गाजीपुर काली मंदिर में एक माह के भीतर दो बार चोरी होने से भक्तों में आक्रोश व्याप्त है तो वहीं पुलिस की ढिलाई पर भी नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Created On :   3 July 2026 3:01 PM IST

Tags

Next Story