- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- जमानत पर छूटा पॉक्सो आरोपी फिर बना...
Satna News: जमानत पर छूटा पॉक्सो आरोपी फिर बना मुसीबत, अब सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप

डिजिटल डेस्क,सतना। पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी की करतूतें थमने का नाम नहीं ले रहीं। नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और अश्लील हरकत करने के मामले में जेल की हवा खा चुके आरोपी ने जमानत पर बाहर आते ही पीड़िता के परिवार को धमकाना शुरू कर दिया था। अब इसी आरोपी को लेकर स्थानीय निवासियों ने एक नया गंभीर आरोप लगाया है - सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का।
पहले की घटना: धमकी का मामला
गौरतलब है कि बीती 18 जून को जब नाबालिग लड़की घर पर अकेली थी, तब आरोपी उसे काम के बहाने ऑटो में बैठाकर घर ले गया और अश्लील हरकत करने लगा, जिससे पीड़िता किसी तरह भाग निकली। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके चौबीस घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया था।
जमानत पर बाहर आते ही आरोपी ने 28 जून की रात करीब 10 बजे नाबालिग के घर के पास जाकर गाली-गलौज करते हुए पॉक्सो एक्ट के प्रकरण में समझौता करने का दबाव बनाया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में धारा 296(ए) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अब नया आरोप: सरकारी जमीन पर कब्जा
इस बीच देवी जी अरकांडी चौकी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त आरोपी का मूल पुश्तैनी निवास पुरानी बस्ती में होने के बावजूद उसने देवी जी मंदिर क्षेत्र के आसपास सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर रखा है।
निवासियों का आरोप है कि आरोपी अपनी दबंगई के दम पर वर्षों से इस अतिक्रमण को बनाए हुए है, लेकिन प्रशासन ने अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की। और ना ही प्रशासन द्वारा अब तक सरकारी जमीनों में कब्जे की कोई पुष्टि की गई है
प्रशासन से सवाल
लोगों ने सवाल उठाया है कि जब एक ओर आरोपी पर पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराध का मामला दर्ज है, तो दूसरी ओर उसके अवैध कब्जे पर नगर पालिका और जिला प्रशासन चुप्पी क्यों साधे हुए है। निवासियों की मांग है कि सीएमओ और संबंधित अधिकारी अतिक्रमण स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Created On :   3 July 2026 2:27 PM IST












