- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- साइबर जागरूकता के लिए मैहर पुलिस का...
Satna News: साइबर जागरूकता के लिए मैहर पुलिस का नवाचार, लांच की गई ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता

- क्यूआर स्कैन अथवा लिंक के जरिए लोग हो सकते हैं शामिल
- क्विज में आम जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड और लिंक तैयार कराई गई है
- सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म से प्रसारित किया जा रहा है।
Satna News: साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे सेफ क्लिक अभियान के तहत मैहर जिले में पुलिस ने ऑनलाइन साइबर क्विज का नवाचार शुरू किया है। इसके तहत पुलिस कप्तान सुधीर कुमार अग्रवाल ने 20 प्रश्नों की एक प्रश्नोत्तरी तैयार कराई है, जिसमें प्रत्येक प्रश्न पर 4 विकल्प हैं तो सही जवाब देेने पर 5 अंक निर्धारित किए गए हैं। इस नवाचार का मकसद आम जन में साइबर फ्राड के प्रति जागरूकता फैलाने और सुरक्षा के लिए सतर्क करने के साथ प्राप्त होने वाले सुझावों के जरिए पुलिस की तैयारी को और मजबूत करना है।
यह भी पढ़े -ग्रामोदय के प्राध्यापक पर हमले का आरोपी अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार
ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने की कोशिश
क्विज में आम जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड और लिंक तैयार कराई गई है, जिसे सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म से प्रसारित किया जा रहा है। इतना ही नहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय, समस्त थाना, चौकी और शासकीय कार्यालयों व बाजार क्षेत्र में क्यूआर कोड के साथ लिंक प्रदर्शित करते पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं। पुलिस के द्वारा इस प्रश्नोत्तरी का परिणाम भी जारी किया जाएगा।
साइबर यूनिट में पोस्टिंग के समय मैहर एसपी ने किया था डिजाइन
पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल कोरोना काल में राज्य साइबर सेल भोपाल में तैनात थे, तब उन्होंने लोगों को साइबर फ्राड से बचाने के लिए ऑनलाइन क्विज को डिजाइन किया था। ऐसे में मैहर की कमान संभालने के दौरान जब साइबर जागरूकता का अभियान चला तो अपने अजमाए हुए तरीके को अपग्रेड कर ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच पहुंचने के लिए लांच कर दिया है। फिलहाल यह क्विज प्रतियोगिता 11 फरवरी तक चलेगी। निश्चित ही पुलिस कप्तान की यह पहल साइबर फ्राड से लडऩे में अहम साबित होगी।
इनका कहना है
इस ऑनलाइन क्विज के जरिए हम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सकते हैं और साइबर फ्राड के खतरों से अवगत कराने के साथ सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकते हैं। इसके जरिए आम जन से मिलने वाले सुझावों को साइबर फ्राड से निपटने में इस्तेमाल किया जाएगा।
सुधीर अग्रवाल, एसपी मैहर
Created On :   5 Feb 2025 5:46 PM IST