सिवनी: मतदान दल रवाना, बच्चों को भी साथ ले गईं महिला कर्मी, पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से हुई रवानगी की कार्रवाई

मतदान दल रवाना, बच्चों को भी साथ ले गईं महिला कर्मी, पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से हुई रवानगी की कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, सिवनी। तमाम बंदोबस्त के साथ गुरुवार की सुबह से मतदान कर्मी पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान परिसर से मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। सुबह से मतदान की कार्रवाई शुरु हो जाएगी। मतदान कर्मियों को ईवीएम मशीन के साथ, वीवीपेड के अलावा अन्य मतदान सामाग्री दी गई। पूरी जांच के बाद ही मशीनों को वितरित किया गया। सामाग्री वितरण के लिए हर विधानसभावार हर मतदान केंद्र के अनुसार टेबल लगाई गई थी। कर्मचारियों को दिक्कतें न हों इसके लिए बकायदा सीरियल नंबर डाले गए थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में रिजर्व दल भी रखा गया है ताकि आवश्यकता पडऩे पर ड्यूटी लगाई जा सके।

महिला कर्मी बच्चों को साथ ले गई

मतदान दलों में कई ऐसी महिला कर्मी भी थी जो अपने छोटे बच्चों को भी साथ ले गई। लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में मतदान दल के साथ जा रही महिला आरक्षक ढाई साल की बच्ची को अपने साथ ले गईं। इसी प्रकार बरघाट विधानसभा में ड्यूटी करने जा रही महिला कर्मी ने पांच साल की बेटी को रखा है। रवाना होने से पहले कर्मचारियों में खासा उत्साह भी देखा गया।

आरक्षित भी रखे गए वाहन

जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव के लिए ४८० बस और २०० छोटे वाहन अधिग्रहित किए गए हैं। इसमें से करीब ४० बसें आरक्षित रखी गई हैं। मतदान दलों को वाहनों को तलाशने में दिक्कतें न हों इसके लिए अलग अलग विधानसभा की सूचना के संबंध में अलग-अलग रंग की कागज लगाए गए हैं। सिवनी विधासनभा के लिए पीला, केवलारी के लिए गुलाबी, लखनादौन के लिए नीला और बरघाट विधानसभा के लिए सफेद रंग के कागज लगाए गए हैं। १७ नवंबर की शाम सात बजे से मतदान दलों के वापसी का सिलसिला शुरु हो जाएगा।

Created On :   17 Nov 2023 4:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story