Seoni News: बरघाट में जेवर व नकदी चोरी में ईरानी गैंग की संभावना

बरघाट में जेवर व नकदी चोरी में ईरानी गैंग की संभावना
तीसरे दिन भी फुटेज खंगालती रही पुलिस, नहीं लगा आरोपियों का सुराग

डिजिटल डेस्क,सिवनी। बरघाट में हुई सोने-चांदी और नकदी से भरे बैग की चोरी की घटना के मामले में तीसरे दिन भी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। पुलिस को शंका है कि इस चोरी में ईरानी गैंग का हाथ हो सकता है। पुलिस ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों का रिकार्ड खंगाल रही है।

ज्ञात हो कि शनिवार की रात सराफा व्यापारी दिलीप महाजन की कार से 300 ग्राम सोना, 25 किलो चांदी और करीब दो लाख रुपए नकदी से भरा बैग अज्ञात युवक ने पार कर दिया था और अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया था।

डीआईजी पहुंचे घटनास्थल

चोरी की घटना को लेकर मंगलवार को छिंदवाड़ा रेंज के डीईजी राकेश कुमार सिंह बरघाट पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी ने एसपी सुनील मेहता से घटना के संबंध में जानकारी ली और अब तक हुई कार्रवाई के बारे में पूछा। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।

अलग-अलग टीम कर रही जांच

एक करोड़ से अधिक के जेवर चोरी की घटना को लेकर बरघाट और अरी थाना की टीम बनाकर जांच कराई जा रही है। अलग-अलग टीमें जांच पड़ताल में जुटी हुई हैं। बताया गया कि जिस रात यह घटना हुई उस समय आंधी के कारण बिजली गुल थी। इसी का फायदा चोरों को मिल गया और उनके फुटेज नहीं मिल पा रहे हैं।

Created On :   8 April 2026 1:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story