वर्धा: आठ दिन से समस्या बरकरार लिंक फेल होने से लग रही कतार, समय का हो रहा नुकसान

आठ दिन से समस्या बरकरार लिंक फेल होने से लग रही कतार, समय का हो रहा नुकसान
  • अब तक 6 करोड़ रुपए की वसूली
  • भुगतान की लिंक बार-बार फेल

डिजिटल डेस्क, वर्धा. मार्च एंडिंग के चलते संपत्ति कर का भुगतान करनेवालों का नगर परिषद में तांता लगा हुआ है। परंतु कर भुगतान की लिंक बार-बार फेल होने के कारण घंटों कतार में रहने के बावजूद भी कर अदा नहीं हो रहा है। आठ दिन से लिंक फेल की समस्या बरकरार है। नगर परिषद ने समस्या को हल करने के लिए पोर्टल पर शिकायत दर्ज की है। लेकिन समस्या हल नहीं होने से करदाता त्रस्त हो गए हैं। बता दें कि, वर्धा नप अंतर्गत करीब 25 हजार संपत्ति धारक हैं। इनमें खाली जगह, मकान, होटल, स्कूल सहित अन्य संपत्ति शामिल हैं। प्रतिवर्ष नप द्वारा संपत्ति धारकों पर कर लगाया जाता है। नया वित्त वर्ष शुरू होने से पूर्व यानी 31 मार्च तक कर वसूली का लक्ष्य दिया जाता है। जिसके बाद अगर भुगतान होता है तो अतिरिक्त चार्जेस संपत्ति धारकों को अदा करने पड़ते हैं। फिलहाल नप पर 11 करोड़ 79 लाख रुपए के टैक्स वसूली का लक्ष्य है।

अब तक 6 करोड़ रुपए की वसूली नगर परिषद ने की है। मार्च एंडिंग को अभी 10 दिन शेष है। जिससे कर भुगतान करने नागरिकों की कतार लगी हुई है। परंतु गत आठ दिनों से हो रही लिंक फेल की समस्या से कर धारक परेशान है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से ही नगर परिषद में कर भुगतान करनेवालों की भीड़ जुटती है। परंतु बार-बार लिंक फेल होने के कारण करदाताओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है। लेकिन कई बार लिंक शुरू ही नहीं होने से घंटों इंतजार के बाद भी नागरिकों को वापस जाना पड़ रहा है। जिससे कर दाताओं में रोष है। वर्धा नप में टैक्स भरने के लिए प्रतिदिन हजारों नागरिक आ रहे हैं। जिसमें महिला, वृद्ध भी शामिल हैं। लिंक फेल होने के बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहां बैठने के लिए जगह नहीं है। अन्य कोई सुविधा नहीं है। नप को इस ओर ध्यान देकर उचित उपाययोजना करने की मांग की जा रही है।

सुविधा नहीं मिल रही

वीरू पांडे, जिला उपाध्यक्ष, भाजपा के मुताबिक गत आठ दिनों से लिंक फेल की समस्या है। बुजुर्ग व अन्य नागरिकों को कर अदा करने के लिए घंटो कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। लिंक आती है फिर कट हो जाती है। वहां कोई भी सुविधा नहीं है। नप को तुरंत ध्यान देकर उपाययोजना करने की जरूरत है।

वरिष्ठों को भेजा गया है पत्र

संतोष डामरे, कर प्रमुख, नप के मुताबिक सरकार की ओर से हमें पोर्टल दिया गया है। इसके तहत काम हो रहा है। पोर्टल पर अचानक क्लॉउड बढ़ने से लिंक फेल हो जाती है। बार-बार लिंक फेल से करदाताओं को परेशानी हो रही है। यह हमारे स्तर की समस्या नहीं है। इस समस्या को सुलझाने के लिए वरिष्ठ स्तर पर पत्र भेजा गया है।


Created On :   19 March 2024 2:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story