Bengal Election 2026: मतगणना से पहले गरमाई बंगाल की सियासत, टीएमसी ने लगाया बैलेट बॉक्स से छेड़छाड़ का आरोप, वीडियो किया जारी

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पं. बंगाल विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों का मतदान हो चुका है। अब सबकी नजरें 4 मई को आने वाले परिणाम पर हैं, जिससे यह तय होगा कि क्या टीएमसी लगातार चौथी बार सत्ता पर काबिज होगी या फिर बीजेपी पहली बार राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। लेकिन इससे पहले एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे राज्य की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।
दरअसल, टीएमसी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि BJP और केंद्रीय चुनाव आयोग अधिकारी पार्टी के संबंधित प्रतिनिधियों की गैर मौजूदगी में बैलेट बॉक्स खोलने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -बंगाल चुनाव जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था से बंपर वोटिंग, 'भद्रलोक' ने 'सोनार बांग्ला' की दिखाई राह
बैलेट बॉक्स से छेड़खानी का लगाया आरोप
इसके विरोध में टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर स्ट्रॉन्ग रूम के सामने धरने पर बैठे हैं। कुणाल घोष ने कहा, 'आप चुनाव आयोग की लाइवस्ट्रीमिंग और CCTV कैमरे में देख सकते हैं कि कुछ लोग अंदर काम कर रहे हैं। हमारा कोई भी प्रतिनिधि अंदर नहीं है...वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। वे हमसे दूसरे उम्मीदवारों से बात करने के लिए कह रहे हैं। हम दूसरे उम्मीदवारों की जिम्मेदारी क्यों लें?' वहीं, शशि पांजा ने कहा, 'हमें चिंता है। कोई हेरफेर नहीं होना चाहिए। हमें यह सब क्यों नहीं दिखाया जा रहा है?'
यह भी पढ़े -एग्जिट पोल में हार के बाद भी जीत के लिए कॉन्फिडेंट ममता बनर्जी! आंकड़ों को बताया बीजेपी की साजिश
टीएमसी नेताओं ने दावा किया कि उन्हें शक है कि ईवीएम स्ट्रांग-रूम के बाहर पहरेदारी के लिए तैनात पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्रीय बलों ने जबरदस्ती हटा दिया है, जिससे ईवीएम के साथ छेड़खानी हो सके।
बता दें कि टीएमसी का यह आरोप ममता बनर्जी के उस वीडियो के कुछ समय बाद आया है जिसमें उन्होंने ईवीएम में छेड़छाड़ होने की आशंका जताई थी। ममता ने पार्टी के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि वह स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर पहरेदारी करें।
यह भी पढ़े -पश्चिम बंगाल छेड़छाड़ की आशंका को लेकर तृणमूल नेताओं ने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के पास धरना शुरू किया
Created On :   30 April 2026 10:46 PM IST












