PSL Ball Tampering: फिर बदनाम हुआ पाकिस्तान सुपर लीग, सामने आया बॉल टैंपरिंग विवाद, इस पाकिस्तानी प्लेयर पर लग सकता है बैन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान सुपर लीग के मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जहां सुरक्षा इंतजाम और पैसे की कमी के चलते कुछ खिलाड़ियों ने लीग में न जाने या फिर उसकी जगह आईपीएल को ज्वाइन करने का फैसले किया। वहीं बॉल टैंपरिंग का मामला सामने आने के बाद लीग की छवि को तगड़ा नुकसान पहुंचा है।
मामला रविवार को खेले गए लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के मैच का है। कराची किंग्स को जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन चाहिए थे। लाहौर की ओर से आखिरी ओवर हारिस रऊफ फेंकने वाले थे। तभी शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), हारिस रऊफ और फखर जमान बॉलर के रन-अप पर एक साथ इकट्ठा हो गए। तीनों खिलाड़ियों ने गेंद को अपने हाथों में लिया। अंपायर फैसल अफरीदी ने उनसे गेंद वापस ले ली। इसके बाद उन्होंने गेंद की अच्छी तरह से जांच की और स्क्वेयर लेग अंपायर शर्फुद्दौला से लंबी चर्चा की।
अंपायरों ने पाया कि लाहौर कलंदर्स के खिलाड़ियों ने गेंद के साथ छेड़छाड़ की है। उन्होंने कराची किंग्स को 5 पेनल्टी रन दे दिए गए। साथ ही गेंद को भी बदला। इस फैसले के बाद कराची किंग्स का टारगेट घटकर 14 की जगह 9 रन हो गया। अंपायर के इस फैसले से शाहीन अफरीदी नाराज भी दिखे। उन्होंने अंपायर से पेनल्टी रन दिए जाने को लेकर बहस भी की। आखिरी ओवर में कराची किंग्स ने केवल 3 गेंदों पर ही 9 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया।
फखर जमान पर लगेगा बैन!
PSL इस मामले में फखर जमान के खिलाफ बड़ा एक्शन ले सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन पर दो मैचों का बैन लग सकता है। कहा जा रहा है कि फखर जमान को मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने सुनवाई में पेश होना होगा, जहां यह तय होगा कि आगे क्या एक्शन लिया जाए।
Created On :   30 March 2026 6:58 PM IST












