IPL-BAN Controversy: बांग्लादेश ने फिर लिया यू-टर्न, आईपीएल प्रसारण पर लगाई रोक, दो दिन पहले दी थी इजाजत

बांग्लादेश ने फिर लिया यू-टर्न, आईपीएल प्रसारण पर लगाई रोक, दो दिन पहले दी थी इजाजत
आईपीएल प्रसारण मामले में बांग्लादेश सरकार ने एक बार फिर यू-टर्न मारा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण नहीं होगा।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आईपीएल प्रसारण मामले में बांग्लादेश सरकार ने एक बार फिर यू-टर्न मारा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण नहीं होगा। इससे पहले आईपीएल के ओपनिंग डे यानि 28 मार्च को यह खबर आई थी कि बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल प्रसारण पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है। पड़ोसी देश की नई सरकार में सूचना प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वापन ने देश में आईपीएल के टेलिकास्ट पर लगा बैन हटाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा था कि खेल को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।

लेकिन इसके दो दिन बाद यानि आज ये खबर आई है कि बांग्लादेश ने अपने फैसले पर फिर यू-टर्न लिया है। आइए जानते हैं ऐसा क्यों हुआ?

सामने आई ये वजह

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जियोस्टार ने बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण समझौते को खत्म कर दिया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, जियोस्टार ने बांग्लादेश के ब्रॉडकास्टर टीस्पोर्ट्स को एक लेटर भेजकर कहा, 'समझौता तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जा रहा है। इसकी वजह समझौते में तय भुगतान समयसीमा का पालन न करना और भुगतान में चूक है।' जियोस्टार ने पत्र में यह भी कहा कि यह नियम डब्ल्यूपीएल यानि विमेंस प्रीमियर लीग पर भी लागू होगा।

क्यों लगा था आईपीएल के प्रसारण पर बैन?

आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में केकेआर ने बांग्लादेश के मीडियम पेसर मुस्तफिजूर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की भारी भरकम कीमत में खरीदा था। लेकिन, इसके बाद बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदूओं की हत्या के मामले लगातार सामने आए। जिसका भारत में काफी विरोध किया गया। इसके साथ ही बांग्लादेशी प्लेयर मुस्तफिजूर के आईपीएल में खेलने का भी विरोध हुआ।

इसके बाद बीसीसीआई के आदेश पर केकेआर ने रहमान को अपनी टीम से बाहर निकाल दिया। इससे गुस्साए बांग्लादेश ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर बैन लगा दिया।

Created On :   30 March 2026 6:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story