Nitish Rana Fined: मैच में नहीं खेले..फिर भी लगा तगड़ा जुर्माना, आखिर क्यों नितीश राणा पर भड़का BCCI?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कल चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2026 का 18वां मैच खेला गया। इस मुकाबले में चेन्नई ने 23 रन से जीत हासिल की, जो कि इस सीजन की उसकी पहली जीत है। मैच के बाद दिल्ली के खिलाड़ी नितीश राणा पर बीसीसीआई ने मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया है। साथ ही उन्हें आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट लेवल 1 के उल्लंघन के लिए एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया। खास बात यह है कि राणा न ही इस मैच में दिल्ली की प्लेइंग-11 का हिस्सा थे और न ही इम्पैक्ट प्लेयर। तो फिर क्यों उनके खिलाफ बीसीसीआई ने एक्शन लिया आइए जानते हैं...
अंपायर से भिड़ना पड़ा भारी
नितीश राणा पर जुर्माना लगाने की वजह उनका अंपायर से तीखी बहस करना है। दरअसल, दिल्ली की पारी के 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स आउट हो गए थे। पूरी टीम और राणा इसलिए गुस्सा थे क्योंकि अंपायर्स ने ओवर के बीच स्टब्स को उनके ग्लव्स तक बदलने की परमिशन नहीं दी गई। इसके बाद वह आउट हो गए थे।
स्टब्स जब आउट हुए थे, उस समय दिल्ली को जीत के लिए 10 गेंदों पर 30 रन की जरूरत थी। स्टब्स के आउट होने के बाद पूरी टीम के साथ नितीश भी गुस्से में थे। वह अंपायर से बहस करने लगे। उधर, आउट होकर लौटे स्टब्स भी गुस्से में दिखाई दिए, उन्होंने ड्रेसिंग रूम में जाते हुए पहले अपना बैट और फिर हेलमेट को जोर से फेंका।
माफी मांगी
आईपीएल की ओर से बताया गया, "दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा पर उनकी मैच फ़ीस का 25% जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उन्हें IPL के खिलाड़ियों के लिए बनी आचार संहिता (Code of Conduct) के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए 1 डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। राणा को IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो मैच के दौरान ज़ोर से अपशब्दों का इस्तेमाल करने से जुड़ा है। यह घटना 19वें ओवर में हुई, जब राणा चौथे अंपायर के साथ काफी देर तक बहस में उलझे रहे।" आईपीएल की ओर से कहा गया है कि नितीश राणा ने अपनी गलती मान ली है और दी गई सजा को भी स्वीकार कर लिया है।
Created On :   12 April 2026 5:23 PM IST












