IPL 2026: चेन्नई के खिलाफ मैच से पहले KKR को मिली गुड न्यूज, टीम में शामिल होगा ये खूंखार बॉलर, मजबूत होगी गेंदबाजी

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। आईपीएल 2026 में अभी तक तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम को चार मैचों में से तीन में हार का सामना करना पड़ा है, वहीं एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। वह पॉइंट्स टेबल में अभी आखिरी पायदान पर है। टीम के इस प्रदर्शन की वजह उसकी कमजोर गेंदबाजी रही है।
सीजन की खराब शुरुआत के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए गुड न्यूज आई है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से उन्हें एनओसी मिल गई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो सका है कि वह चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच में खेलेंगे या नहीं। बता दें कि केकेआर का मंगलवार (14 अप्रैल) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स से सामना होगा।
पथिराना के आने से कोलकाता की बॉलिंग मजबूत होगी, क्योंकि टीम के लिए चिंता का विषय डेथ ओवर्स यानि आखिरी ओवरों में बॉलिंग है। इस दौरान विरोधी टीम के बैटर्स ने जमकर रन बटोरे हैं। ऐसी स्थिति में पथिराना की वापसी टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है। आखिरी ओवरों में उनकी सटीक यार्कर और स्लोअर गेंदें केकेआर को बड़ा फायदा पहुंचा सकती हैं।
बता दें कि आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मथीशा पथिराना को 18 करोड़ में खरीदा था। इसी साल हुए टी20 वर्ल्डकप के दौरान उन्हें चोट लग गई थी। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में केवल चार गेंदें ही फेंक पाए थे।
पथिराना के आईपीएल करियर की बात करें तो वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं। उनके नाम 32 मैचों में 47 विकेट दर्ज हैं। चेन्नई को आईपीएल 2023 का विनर बनाने में उनकी अहम भूमिका थी।
Created On :   12 April 2026 8:40 PM IST












