Shubman Gill's Record: लखनऊ के खिलाफ मैच में शुभमन गिल ने रचा इतिहास, इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। गुजरात टाइटंस ने आज खेले गए आईपीएल के 19वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। टीम की इस जीत में कप्तान शुभमन गिल ने बड़ा योगदान दिया। उन्होंने 40 गेंदों पर 56 रन की शानदार पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने विराट कोहली के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वह आईपीएल में 4 हजार रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए।
विराट को पीछे छोड़ा
गिल ने यह कारनामा 26 साल 216 दिन में किया और उम्र के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। वहीं सबसे कम पारियों में 4 हजार रन बनाने वाले भारतीय प्लेयर्स की लिस्ट में वह दूसरे स्थान पर आ गए हैं। पहले स्थान पर केएल राहुल हैं, जिन्होंने 105 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। गिल ने इसके लिए 118 पारियां लीं। तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 128 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।
मैच की बात करें तो गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। गुजरात ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 165 रन के टारगेट को चेज कर लिया। टीम ने पॉवरप्ले यानि 6 ओवर में 52 रन बनाए। इस दौरान साईं सुदर्शन के रूप में उसका एक विकेट गिर गया था। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जोस बटलर के साथ शानदार साझेदारी की और टीम को टारगेट के काफी करीब पहुंचा दिया। दोनों के बीच 58 गेंदों पर 84 रन की साझेदारी हुई। गिल ने 40 गेंदों पर 56 और बटलर ने 37 गेंदों पर 60 रन की पारी खेली। वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया 21 और 10 रन बनाकर नॉट आउट लौटे। लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी को 1-1 सफलता मिली।
Created On :   12 April 2026 8:40 PM IST












