SRH vs LSG Preview: लखनऊ पहली जीत तो हैदराबाद जीत को बरकरार रखने के लिए आमने-सामने, जानें प्लेइंग 11 से लेकर हेड टू हेड, मौसम-पिच रिपोर्ट तक सब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में आज दूसरा डबल हेडर मैच होने वाला है। जिसमें पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच में दोपहर 3:30 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अपनी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरने वाली हैं। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि ये मुकाबला काफी ज्यादा रोमांचक होने वाला है।
यह भी पढ़े -सूरत में यूथ मैराथन को उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने दिखाई हरी झंडी, युवाओं ने लगाई 'स्वास्थ्य की दौड़'
पहली जीत दर्ज करने के इरादे में लखनऊ
हैदराबाद की टीम इस सीजन में अब तक 2 मैच खेल चुकी है और 1 में जीत हासिल कर चुकी है। पहले मुकाबले में टीम को हार मिली थी, लेकिन दूसरे मैच में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। वहीं लखनऊ की टीम ने अभी तक सिर्फ 1 मुकाबला खेला है और उसमें हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में टीम इस मैच में हर हाल में जीत हासिल कर अपना खाता खोलना चाहेगी। कप्तान ऋषभ पंत पर इस बार सबकी नजरें रहेंगी।
कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड?
दोनों टीमों के बीच पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो लखनऊ का पलड़ा थोड़ा भारी दिखता है। अब तक दोनों के बीच 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें लखनऊ ने 4 बार जीत हासिल की है, जबकि हैदराबाद सिर्फ 2 मैच में ही अपनी जीत दर्ज कर पाई है।
मौसम बिगाड़ सकता है खेल
मौसम भी इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है। हैदराबाद में 7 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के चलते तेज बारिश और हवा की संभावना जताई गई है। ऐसे में मैच के दौरान रुकावट आ सकती है और खेल प्रभावित हो सकता है।
पिच से क्या उम्मीद?
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है। यहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। पिछली बार इसी मैदान पर एक मैच में 286 रन तक बन गए थे, जबकि दूसरी टीम ने भी 242 रन बना दिए थे।
अगर पिछले 6 मैचों का रिकॉर्ड देखें तो 3 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है और 3 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। ऐसे में टॉस जीतने के बाद कप्तान के लिए फैसला करना काफी मुश्किल होने वाला है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
हैदराबाद की संभावित प्लेइंग इलेवन में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट और ईसान मलिंगा शामिल हैं।
लखनऊ की संभावित प्लेइंग इलेवन में मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, एनरिक नॉर्टजे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान शामिल हैं।
Created On :   5 April 2026 1:34 PM IST












