IPL 2026: मैच जीते लेकिन पंजाब के कप्तान को लगा बड़ा झटका, एक और गलती की तो श्रेयस अय्यर पर लगेगा बैन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का सातवां मैच कल शुक्रवार को पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस हाई-स्कोरिंग मैच में पंजाब ने एकतरफा जीत दर्ज की। लेकिन, कप्तान श्रेयस अय्यर समेत टीम के अन्य खिलाड़ियों को भारी जुर्माना का सामना करना पड़ा। यह सजा स्लो ओवर रेट की वजह से दी गई। बता दें कि इस सीजन में यह दूसरी बार हुआ है जब पंजाब टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है।
लगा भारी भरकम जुर्माना
दूसरी बार यह गलती होने पर पंजाब के कप्तान ही नहीं, बल्कि पूरी प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर को दोषी माना गया। श्रेयस अय्यर पर जहां 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, वहीं टीम के अन्य खिलाड़ियों पर 6 लाख या उनकी मैच फीस का 25 फीसदी फाइन लगा है।
तो लगेगा बैन..
अगर अबकी बार ऐसी गलती हुई तो श्रेयस अय्यर को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। आईपीएल नियमों के मुताबिक एक बार फिर स्लो ओवर रेट का दोषी पाए जाने पर कप्तान अय्यर पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगेगा और एक मैच का बैन भी झेलना पड़ेगा।
बात करें मैच की तो चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 209 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली। 210 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम को ओपनर प्रियांश आर्या ने शानदार शुरूआत दिलाई। उन्होंने केवल 11 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान अय्यर ने केवल 29 गेंदों पर 50 रन बनाए। इस तरह 210 रन के टारगेट को पंजाब की टीम ने बड़ी आसानी से हासिल कर लिया।
Created On :   4 April 2026 4:32 PM IST












