DC vs MI IPL 2026: IPL के पहले डबल हेडर मुकाबले के पहले मैच में दिल्ली और मुंबई आमने-सामने, जानें प्लेइंग 11 से लेकर पिच रिपोर्ट तक सारी जानकारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का डबल हेडर मैच 4 अप्रैल (शनिवार) को होने वाला है। आज का पहला मैच मुंबई इंडियंस और दिल्ली केपिटल्स के बीच होने वाला है। ये मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाने वाला है। दोनों टीमें अपनी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ऐसे में चलिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 से लेकर हेड टू हेड, वेदर पिच रिपोर्ट के साथ सभी अहम जानकारियों के बारे में जानते हैं।
दोनों टीमों ने जीता अपना पहला मैच
आईपीएल 2026 की शुरुआत दिल्ली और मुंबई दोनों के लिए बहुत ही शानदार रही है। दिल्ली ने अपने पहले ही मुकाबले में लखनऊ को 6 विकेट से हराया है। और मुंबई ने कोलकाता को 6 विकेट से हरा दिया है। ऐसे में दोनों ही टीमें अपना पहली मैच जीतने का सिलसिला जारी रखने की चाह से ही मैदान में उतरने वाली है।
कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड?
अगर दोनों टीमों के बीच पुराने रिकॉर्ड्स पर नजर डालें, तो मुंबई का पलड़ा भारी नजर आ सकता है। अब तक दोनों के बीच कुल 37 मैच खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 21 बार जीत हासिल की है, जबकि दिल्ली 16 मुकाबले ही जीत पाई है। ऐसे में खास बात यह भी है कि पिछले पांच मैचों में भी मुंबई ने चार बार बाजी मारी है, जिससे उनका आत्मविश्वास और बढ़ा हुआ नजर आता है।
मौसम बन सकता है बाधा
दिल्ली में इस वक्त मौसम कुछ बदला-बदला सा देखा जा सकता है। आमतौर पर अप्रैल में यहां गर्मी रहती है, लेकिन इस बार तेज हवा और बारिश की संभावना जताई जा रही है। मैच वाले दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। ऐसे में मुकाबले में रुकावट आने की पूरी आशंका है।
पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार
अरुण जेटली मैदान की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अच्छा माना जाता है। यहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। पिछले साल इसी मैदान पर एक टीम ने 3 विकेट खोकर 278 रन बना दिए थे, जो इसकी खासियत दिखाता है। दिन का मैच होने की वजह से ओस का असर नहीं रहेगा, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
यह भी पढ़े -ग्रीन का शतक, मैयर का पंच, न्यूजीलैंड ने तीसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 66 रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीती
कब और कहां देखें मुकाबला?
यह मुकाबला दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले होगा। दर्शक इसे अपने घर बैठकर टीवी पर देख सकते हैं और मोबाइल पर भी सीधा प्रसारण का आनंद ले सकते हैं। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला काफी रोमांचक रहने वाला है।
क्या है दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11?
दिल्ली कैपिटल्स में केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार शामिल हैं। और इम्पैक्ट प्लेयर में समीर रिजवी शामिल हैं।
मुंबई इंडियंस में रयान रिकलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर/एएम गजनफर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कंडे, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं। वहीं, इम्पैक्ट प्लेयर में नमन धीर रहने वाले हैं।
Created On :   4 April 2026 1:14 PM IST












