Sports Award-2020: इस साल पहली बार एक साथ 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न अवॉर्ड, रोहित सहित ये खिलाड़ी होंगे सम्मानित  

Sports Award-2020: इस साल पहली बार एक साथ 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न अवॉर्ड, रोहित सहित ये खिलाड़ी होंगे सम्मानित  

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए चयन समिति की सिफारिशों पर शुक्रवार को मुहर लगा दी है। मंत्रालय ने इस साल खेल रत्न से सम्मानित किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी की है। इसके तहत सीमित ओवरों की क्रिकेट टीम के उप-कप्तान रोहित शर्मा, महिला पहलवान वीनेश फोगाट, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और पैरा एथलीट मरियप्पन थेंगावेलू को 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके खेल रत्न अवार्ड से नवाजा जाएगा। ऐसा पहली बार होगा, जब एक साथ 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न अवॉर्ड दिया जाएगा। 

33 वर्षीय रोहित खेल रत्न पाने वाले केवल चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले सचिन तेंडुलकर, हाल में संन्यास लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी और वर्तमान कप्तान विराट कोहली यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। तेंडुलकर पहले भारतीय क्रिकेटर थे जिन्हें 1998 में खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था। धोनी को 2007 और कोहली को 2018 में भारोत्तोलक मीराबाई चानू के साथ यह पुरस्कार मिला था। समिति में पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी शामिल थे। वहीं ईशांत शर्मा सहित 27 खिलाड़ियों को 29 अगस्त को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय चयन समिति ने यह सिफारिश की थी।  

अर्जुन अवॉर्ड: 29 में से 27 लोगों को मिलेगा सम्मान
भारतीय खेल सम्मान के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था, जब खेल रत्न पा चुके एथलीट, अर्जुन अवॉर्ड के दावेदार थे। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और पहलवान साक्षी मलिक के नाम कमेटी ने पूरी तरह मंत्रालय पर छोड़ दिए थे। अब लिस्ट में इन दोनों का नाम नहीं है। यानी 29 में से 27 लोगों को अर्जुन अवॉर्ड मिलेंगे। इनमें इशांत शर्मा, दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), अतानु दास (तीरंदाजी), शिवा केशवन (लूज), दुती चंद (एथलेटिक्स), सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी (बैडमिंटन) विशेष भृगुवंशी (बास्केटबाॅल), मनीष कौशिक, लवलीना (बॉक्सिंग), रिस सावंत (घुड़सवारी), संदेश झींगन (फुटबॉल), अदिति अशोक (गोल्फ), आकाशदीप सिंह, दीपिका कुमारी (हॉकी), दीपक हुड्डा (कबड्डी) , काले सारिका (खो-खो), दत्तू भोकनाल (रोइंग), मनु भाकर, सौरभ चौधरी (शूटिंग), मधुरिका पाटकर (टेबल टेनिस), दिविज शरण (टेनिस), दिव्या काकरान, राहुल अवारे (कुश्ती), सुयश जाधव (पैरा एथलेटिक्स) संदीप (पैरा एथलेटिक्स), मनीष नरवाल (पैरा शूटिंग) जैसे नाम हैं।

मनु, सौरभ को पहली बार में सफलता निशानेबाज
मनु भाकर और सौरभ चौधरी का नाम पिछले वर्ष राष्ट्रीय राइफल संघ ने अर्जुन अवॉर्ड के लिए नहीं भेजा था, पहली बार भेजे गए आवेदन में मनु और सौरभ के नाम पर कमेटी ने मुहर लगा दी। लाइफटाइम कैटेगरी में आठ लोगों को और नियमित श्रेणी में पांच नाम द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए चुने गए हैं।

इस बार इनामी राशि में भारी भरकम बढ़ोतरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की इनामी राशि में मामूली वृद्धि की गई थी, लेकिन मोदी-2 में इन पुरस्कारों को नाम के साथ दाम का बनाने की तैयारी कर ली गई है। देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न की पुरस्कार राशि में दस या बीस नहीं बल्कि 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा रही है। यानि कि जिस सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए अब तक साढ़े सात लाख रुपये मिलते हैं। अब उसे 25 लाख रुपये किए जाने की तैयारी कर ली गई है। 

अर्जुन अवॉर्ड की इनामी राशि को तीन गुना किया जाने वाला है। अब इस अवार्ड के लिए खिलाड़ियों को पांच लाख रुपये दिए जाते हैं, लेकिन इस राशि को 15 लाख रुपये किए जाने की तैयारी कर ली गई है। यही नहीं ध्यानचंद अवॉर्ड और लाइफ टाइम द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए अब पांच लाख रुपये दिए जाते हैं, लेकिन अब इसके लिए 15 लाख रुपये इनामी राशि की जानी है। हालांकि अब तक नियमित द्रोणाचार्य और लाइफ टाइम द्रोणाचार्य अवॉर्ड की इनामी राशि एक समान होती थी, लेकिन नियमित द्रोणाचार्य अवॉर्ड की इनामी राशि को पांच से 10 लाख किया जा रहा है।

खेल दिवस पर दिया जाएगा सम्मान
इस साल के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का आयोजन कोविड-19 महामारी के कारण वर्चुअल होने की संभावना है। विजेता अपने संबंधित क्षेत्रों से लॉग इन करके 29 अगस्त को इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। आम तौर पर इनका आयोजन राष्ट्रपति भवन में होता रहा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

किसे क्यों सम्मान?
रोहित को जहां उनकी शानदार बल्लेबाजी के कारण पुरस्कार के लिए चुना गया वहीं विनेश को 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और 2019 में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के लिए इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया। विनेश ने इसे अपने करियर के लिए सबसे महत्वपूर्ण क्षण बताया और वादा किया कि वह इस पुरस्कार से जुड़ी उम्मीदों पर खरी उतरेंगी।

खेल रत्न के लिए रोहित, विनेश, रानी ...

थंगवेलु ने जीता था गोल्ड, रानी को मिला था ब्रॉन्ज
थंगवेलु को 2016 रियो ओलिंपिक खेलों में टी42 ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतने के लिए पुरस्कार दिया गया है। टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका के नाम की सिफारिश 2018 में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए की गई है। उन्होंने उस वर्ष राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। रानी केवल तीसरी और पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जिनके नाम की सिफारिश इस सम्मान के लिए की गई है। रानी से पहले धनराज पिल्लै (2000) और सरदार सिंह (2017) को खेल रत्न पुरस्कार मिला था।

रोहित शर्मा समेत 5 का खेल रत्न पक्का ...

ओलिंपिक क्वॉलिफायर्स में निभाई थी अहम भूमिका
देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार खेल रत्न के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 की उपलब्धियों पर विचार किया गया। इस दौरान रानी की अगुवाई में भारतीय टीम ने महिला एशियाई कप 2017 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की तथा 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक जीता। रानी ने एफआईएच ओलिंपिक क्वॉलिफायर्स में भी अहम भूमिका निभायी और निर्णायक गोल किया जिससे भारत को तोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ करने में मदद मिली। यही नहीं टीम इस बीच अपनी सर्वश्रेष्ठ नौवीं रैंकिंग पर पहुंची।

Image

Image

Image

`

Created On :   21 Aug 2020 3:49 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story