Vijay Hazare Trophy: पंजाब के खिलाफ तूफानी बैटिंग कर सरफराज खान ने रचा इतिहास, लिस्ट-ए क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने

पंजाब के खिलाफ तूफानी बैटिंग कर सरफराज खान ने रचा इतिहास, लिस्ट-ए क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने
विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान भारतीय युवा बल्लेबाज सरफराज खान ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है जिसे सचिन और कोहली जैसे दिग्गज हासिल नहीं कर पाए। उन्होंने पंजाब के खिलाफ खेले गए मुकाबले में केवल 15 गेंदों पर फिफ्टी जड़ दी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान भारतीय युवा बल्लेबाज सरफराज खान ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है जिसे सचिन और कोहली जैसे दिग्गज हासिल नहीं कर पाए। उन्होंने पंजाब के खिलाफ खेले गए मुकाबले में केवल 15 गेंदों पर फिफ्टी जड़ दी। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भी भारतीय क्रिकेटर द्वारा लगाई सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने इस मामले में महाराष्ट्र के अभिजीत काले और बडौदा के अतीत सेठ का रिकॉर्ड तोड़ा। दोनों ने 16-16 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।

बात करें मैच की तो जयपुर के जयपुरिया स्कूल ग्राउंड पर मुंबई और पंजाब के बीच मैच खेला गया। इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए पंजाब ने 216 रन बनाए। 217 रन के टारगेट को चेज करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। मुशीर खान और अंगकृष रघुवंशी ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद मैदान पर उतरे सरफराज ने तूफानी बैटिंग की और पंजाब के बॉलर्स की जमकर खबर ली।

सरफराज ने 20 गेंदों में 62 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 5 छक्के निकले। एक समय मुंबई का स्कोर 169/3 था और उसकी जीत आसान नजर आ रही थी। लेकिन सरफराज के अलावा टीम के बड़े नाम सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और कप्तान श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर सके। इसके चलते मुंबई की टीम 1 रन से मैच हार गई।

सरफराज हैं हाईएस्ट रन स्कोरर

सरफराज खान विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं। उनके नाम 6 पारियों में 303 रन हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले हैं। बता दें कि सरफराज भारत के लिए 6 टेस्ट मैच भी खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 371 रन बनाए हैं। उन्हें आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा है।

Created On :   8 Jan 2026 7:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story