Virat Kohli's Records: चेन्नई के खिलाफ विराट कोहली ने रचा इतिहास, इस मामले में बने नंबर-1 बैटर, रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। आईपीएल 2026 में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच खेला गया। इस मुकाबले में आरसीबी ने सीएसके को 43 रन से हरा दिया। हालांकि बेंगलुरु के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 28 रन की पारी खेली। कोहली को अंशुल कंबोज ने आउट किया।
भले ही कोहली ने 28 रन की पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी आंकड़ों के लिहाज से बेहद खास रही। उन्होंने टी20 क्रिकेट का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोहली अब किसी भी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
विराट ने चेन्नई के खिलाफ अब तक 37 टी20 मैचों में 37.12 की औसत से 1188 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 10 अर्धशतक निकले हैं। इससे पहले किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 36 टी20 मैचों में 40.03 की औसत से 1161 रन बनाए हैं। इस मैच से पूर्व कोहली को रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए महज 2 रन की जरूरत थी, जिसे उन्होंने मैच के पहले ही ओवर में तोड़ दिया।
यह भी पढ़े -बेंगलुरु और चेन्नई के बीच खेला जाएगा आज का दूसरा मैच, जानें हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी?
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी बेंगलुरु ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान रजत पाटीदार ने 48, फिल सॉल्ट ने 46, विराट कोहली ने 28 और देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन बनाए। 251 रन का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम 207 रन ही बना सकी। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए।
Created On :   6 April 2026 1:03 AM IST












