IPL 2026: 'मैंने नॉन-स्ट्राइकर एंड से छक्कों का खूब आनंद लिया', आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने जीत के बाद दिया बड़ा बयान

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। आईपीएल 2026 में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच खेला गया। इस मुकाबले में आरसीबी ने सीएसके को 43 रन से हरा दिया। मैच के बाद टीम की जीत पर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "मैच जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। अगर आप अच्छी क्रिकेट खेलते हैं तो टीम में एक अलग ही संतोष मिलता है। शुरुआत में गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी, लेकिन जिस तरह फिल (सॉल्ट) और विराट (कोहली) भाई ने पारी खेली, वह शानदार था। उसके बाद टीम ने जिस तरह खेल का रुख बदला, मैंने डगआउट और नॉन-स्ट्राइकर एंड से छक्कों का खूब आनंद लिया।"
यह भी पढ़े -'अगर विराट कोहली का कैच ड्रॉप...', CSK के कप्तान गायकवाड़ ने इसे बताया हार की सबसे बड़ी वजह
टीम ने मेरा सपोर्ट किया
पाटीदार ने आगे कहा, "मेरा माइंडसेट बिल्कुल स्पष्ट था, जब तक मैं क्रीज पर हूं, मैं गेंदबाज पर दबाव बनाने की कोशिश करता हूं। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि टीम का पूरा सपोर्ट मिला, इसलिए मैं खुलकर खेल सका। फिलहाल टीम का माहौल शानदार है, सभी खिलाड़ी अच्छे माइंडसेट में हैं और अगला मैच खेलने के लिए उत्साहित हैं।"
वहीं मैच में 70 रन की बेहतरीन पारी खेलने वाले टिम डेविड को लेकर पाटीदार ने कहा, "वह एक विशेषज्ञ हैं और मेरे हिसाब से दुनिया के बेहतरीन फिनिशर्स में से एक हैं। उन्होंने पिछले साल भी शानदार प्रदर्शन किया था। वह बहुत कंसिस्टेंट हैं और गेम को खत्म करने की उनकी क्षमता बेहतरीन है, मैंने जितने भी फिनिशर्स देखे हैं, उनमें वह टॉप में आते हैं।"
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी बेंगलुरु ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान रजत पाटीदार ने 48, फिल सॉल्ट ने 46, विराट कोहली ने 28 और देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन बनाए। 251 रन का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम 207 रन ही बना सकी। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए।
Created On :   6 April 2026 1:41 AM IST












