WPL Eliminator 2026: गुजरात को 7 विकेट से हराकर फाइनल मुकाबले में पहुंची दिल्ली, 5 फरवरी को RCB से खेलेगी खिताबी मैच

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली। यह चौथी बार है जब दिल्ली ने डब्ल्यूपीएल के फाइनल मुकाबले में जगह बनाई है, जहां उसका मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। मंगलवार को वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में दिल्ली ने गुजरात के दिए 169 रन के टारगेट को महज 15.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
दिल्ली की तरफ से ओपनर लिजेल ली ने सबसे ज्यादा 43 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने 41, लौरा वोलवार्ट ने नाबाद 32 और शेफाली वर्मा ने 31 रन की पारी खेली।
यह भी पढ़े -टी20 सीरीज 'लो स्कोरिंग' मुकाबले में इंग्लैंड ने मारी बाजी, श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से 'क्लीन स्वीप'
इससे पहले दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात ने बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए थे। टीम की तरफ से बेथ मूनी ने फिफ्टी लगाई थी। दिल्ली से शिनेल हेनरी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। नंदनी शर्मा ने दो विकेट झटके।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात जायंट्स - बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा, एश्ले गार्डनर (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहम, भारती फूलमाली, कनिका आहूजा, काशवी गौतम, तनुजा कंवर, राजेश्वरी गायकवाड़ और रेणुका सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स - लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, लौरा वोलवार्ट, जेमिमा रोड्रिग्ज (कप्तान), मारिजान कैप, शिनेल हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, नंदनी शर्मा और श्री चरणी।
यह भी पढ़े -टी20 विश्व कप स्कॉटलैंड को आखिरी समय में मौका मिलने की अनिश्चितता के बीच शांत रहा मैक्रीथ
5 फरवरी को होगा फाइनल मुकाबला
दिल्ली अब फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी। यह मुकाबला 5 फरवरी को वडोदरा में ही खेला जाएगा। बेंगलुरु ने लीग राउंड के बाद पॉइंट्स टेबल के टॉप पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।
Created On :   4 Feb 2026 1:07 AM IST













