Maharashtra Crime News: पुणे में फर्जी बाबा का हुआ भांडाफोड़, धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर करवाता था अश्लील हरकतें, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुणे में फर्जी बाबा का हुआ भांडाफोड़, धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर करवाता था अश्लील हरकतें, पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • पुणे से सामने आया सनसनीखेज मामला
  • लोगों से धोखाधड़ी और यौन शोषण के आरोपों में फर्जी बाबा गिरफ्तार
  • पुलिस ने किया अरेस्ट

डिजिटल डेस्क, पुणे। महाराष्ट्र में पुणे के बावधन इलाके में एक फर्जी बाबा को श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी और यौन शोषण के गंभीर आरोपों में पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 29 वर्षीय प्रसाद दादा भीमराव तामदार के रूप में हुई है। वह मुलशी के सुसगांव का रहने वाला है। उसे बावधन पुलिस थाने में दर्ज की गई एक शिकायत के आधार पर अरेस्ट किया गया है।

खुद को बताता था आध्यात्मिक गुरु

पुलिस के अनुसार, तामदार खुद को एक आध्यात्मिक गुरु बताकर लोगों की भावनाओं का शोषण करता था। वह दावा करता था कि उसके पास ऐसी दिव्य शक्तियां हैं, जो लोगों की व्यक्तिगत, आर्थिक और मानसिक समस्याएं दूर कर सकती हैं। इसी बहाने वह उनका विश्वास जीतता और फिर धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर अश्लील हरकतें करवाता।

इस तरह से करता था लोगों को ब्लैकमेल

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने अनुयायियों को एक एप्लिकेशन अपने मोबाइल में इंस्टॉल करने को कहता था। इस ऐप की मदद से वह पीड़ितों के फोन तक रिमोट एक्सेस हासिल कर लेता था। फिर वह उन्हें अश्लील वीडियो बनाने और अनुचित हरकतें करने के लिए मानसिक रूप से मजबूर करता था।

पुलिस जांच में पता चला है कि बाबा बनने का नाटक कर रहा तामदार न केवल यौन शोषण करता था, बल्कि बड़ी रकम की मांग भी करता था। वह कहता था कि ये पैसे उसके आश्रम और धार्मिक गतिविधियों के संचालन के लिए हैं।

अब तक 5 लोगों ने की शिकायतें

पुलिस को अब तक कम से कम पांच लोगों से औपचारिक शिकायतें मिली हैं। माना जा रहा है कि इससे कहीं अधिक लोग इस फर्जी बाबा के जाल में फंसे हैं। यह मामला देहूरोड निवासी 39 वर्षीय व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (धारा 318 - धोखाधड़ी, धारा 75 - यौन उत्पीड़न), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, कुप्रथा और अघोरी क्रियाओं की रोकथाम अधिनियम, 2013 के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने की अपील

बावधन पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल विभुते ने पुष्टि की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया, “अब तक चार लोग सामने आ चुके हैं और हमें आशंका है कि पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है। हम सभी से अपील करते हैं कि अगर कोई इस बाबा का शिकार हुआ है, तो वह आगे आए और पुलिस को अपनी आपबीती बताए।”

पुलिस अब आरोपी की डिजिटल गतिविधियों और आर्थिक लेनदेन की भी जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि उसके शिकार कितने लोग बने और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

Created On :   29 Jun 2025 1:35 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story