यदि आपका मूलांक है 1 तो बन सकते हैं नेता

Numerology Number 1 – What does it mean, can its become a leader
यदि आपका मूलांक है 1 तो बन सकते हैं नेता
यदि आपका मूलांक है 1 तो बन सकते हैं नेता

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अंक शास्त्र में मूलांक का विशेष महत्व है। इनकी जानकारी से आप किसी भी व्यक्ति के सारे राज जान सकते हैं। मूलांक एक तरह का अंक होता है। जो जन्म तारीख से जोड़कर बनता है। जैसे आप की जन्म तारीख 15 है तो आपका मूलांक 1+5 = 6 होगा। आज हम आपको बताएंगे मूलांक 1 के बारे में। यदि आपकी जन्म तिथि 1, 10, 19 और 28 है तो आपका मूलांक 1 होगा।

 

 


1 अंक वाले होते हैं दृढ़ निश्चयी 

अंकशास्त्र में 1 अंक को विशेष महत्व दिया गया है। इस अंक का स्वामी ग्रह सूर्य होता है। इसका प्रभाव उस व्यक्ति के व्यवहार पर भी पड़ता है। 1 मूलांक वाले जातक काफी दृढ़ निश्चयी होते हैं। वे किसी काम को किए बिना पीछे नहीं हटते हैं।

स्वामी ग्रह सूर्य होने के कारण मूलांक 1 वाले जातक काफी स्वाभिमानी होते हैं। ये दूसरों से निवेदन नहीं कर सकते। इसलिए उन्हें दूसरों के अधीन रहकर काम करना पसंद नहीं होता है।

ऐसे लोगों की तर्क शक्ति बहुत तेज होती है। ये सही स्थान पर सटीक वाक्य व शब्द बोलते हैं। जिससे दूसरों के सामने उनका बेहतर प्रभाव पड़ता है। उनकी आकर्षक और कर्ण प्रिय आवाज के चलते लोग उन्हें सुनना चाहते हैं।

मूलांक 1 वाले जातक काफी बुद्धिमान भी होते हैं। वे अपनी तर्क शक्ति से दूसरों का दिल जीत लेते हैं। वे कठिन समय में भी अपना हौसला नहीं खोते। इस कारण वे विकट परिस्थियों में भी कुशल नेतृत्व कर सकते हैं।

ऐसे व्यक्ति की सोच उत्कृष्ट होती है। अच्छे-बुरे में अंतर करना जानते हैं। ऐसे में सही काम का निर्णय बहुत जल्दी ले लेते हैं। उन्हें अपने लिए गए निर्णय पर कभी अफसोस नहीं होता है।

मूलांक 1 वाले जातक कर्म प्रधान होते हैं। उन्हें स्वयं काम करना ज्यादा पसंद होता है। इसलिए वे दूसरों पर कार्य के लिए कभी निर्भर नहीं रहते। ऐसे व्यक्ति काफी कर्मठ होते हैं और कार्य को पूरा करने के लिए खूब मेहनत करते हैं।

स्वामी ग्रह सूर्य के तेज के कारण ऐसे व्यक्ति काफी आकर्षक व सुंदर होते हैं। लंबे कद-काठी वाले ऐसे शख्स किसी का भी मन मोह लेते हैं। स्त्री कुछ छोटे कद काठी की रह सकती है किन्तु ये शारीरिक रूप से हष्ट-पुष्ट व बलवान होती हैं।

ऐसे व्यक्ति को किसी भी काम को करने से डर नहीं लगता। ये नए काम को भी बड़े साहस के साथ करते हैं। ये काफी पराक्रमी भी होते हैं, इसलिए ऐसे शख्स सेना व पुलिस के क्षेत्र में कार्य करते देखे जा सकते हैं।

मूलांक 1 वाले जातक पढ़ाई में बहुत तेज होते हैं। उनकी स्मरण शक्ति तेज होती है। उनका लेखन भी सुंदर होता है। ऐसे शख्स उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं। 1 मूलांक वाले व्यक्तियों की रुचि शोध कार्यों में ज्यादा होती है।

मूलांक 1 वाले लोगों के पास धन की कभी कमी नहीं होती है। उनका जीवन ऐश्वर्य शाली होता है। उनके पास मां लक्ष्मी हमेशा रहती हैं। वे सभी तरह के सांसारिक व विलासितापूर्ण सुखों का भोग करते हैं। ये काफी शौकीन प्रवृत्ति के होते हैं।

सूर्य ग्रह के प्रभाव के चलते 1 अंक वाले व्यक्तियों को समाज में मान-सम्मान मिलता है। इनके अच्छे काम के लिए इन्हें प्रसिद्धि भी मिलती है। इनका नाम लंबे समय तक लोग याद रखते हैं।

मूलांक 1 वाले जातकों की दोस्ती 1, 6 और 7 अंकों वाले लोगों से ज्यादा अच्छी होती है। इन्हें दोस्तों से जरूरत पड़ने पर मदद मिल जाती है। ऐसे व्यक्ति की दोस्ती लंबे अरसे तक रहती है। ये अपने रिश्ते में वफादार होते हैं।

ये जातक बाहर से भले ही कठोर होते हैं, लेकिन भीतर से उनका मन कोमल रहता है। वे प्रेम को भली-भांति समझते हैं। यदि इनका विवाह 7 अंक के जातक से हो तो, वैवाहिक जीवन बहुत अच्छा होता है। बाकी मूलांक वालों से भी इनका तालमेल धीरे-धीरे बैठा ही लेते हैं।

Created On :   29 May 2018 12:28 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story