मनोरंजन: राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं–जूनियर एनटीआर, (सब टाइटल) 'ऊरु वाडा' सिर्फ सामाजिक पहल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले कुछ दिनों से साउथ अभिनेता जूनियर एनटीआर के राजनीति में आने की चर्चाएं लगातार तेज थीं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि अभिनेता अपनी पारिवारिक राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए जल्द ही राजनीति में कदम रख सकते हैं। इतना ही नहीं, 18 जुलाई को उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत होने की भी अटकलें लगाई जा रही थीं। अब इन सभी खबरों पर जूनियर एनटीआर की आधिकारिक टीम ने स्पष्ट बयान जारी कर विराम लगा दिया है।
टीम ने कहा है कि जूनियर एनटीआर का फिलहाल राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। सोशल मीडिया पर चल रही तमाम खबरें पूरी तरह भ्रामक और निराधार हैं। बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि 18 जुलाई को आयोजित होने वाला कार्यक्रम किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि 'ऊरु वाडा' नामक नई सामाजिक पहल की शुरुआत के लिए रखा गया है। इस अभियान का उद्देश्य समाजसेवा, जरूरतमंद लोगों की मदद और सामुदायिक कल्याण से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देना है।
अभिनेता की टीम ने प्रशंसकों, मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और इस सामाजिक पहल को राजनीतिक रंग देने से बचें। टीम के मुताबिक, 'ऊरु वाडा' पूरी तरह गैर-राजनीतिक अभियान है।
यह भी पढ़े -सुप्रीम कोर्ट ने कमीडियन समय रैना पर लगाया 3 लाख का जुर्माना, कहा- 'अदालत को बेवकूफ बनाया है'
इस बीच जूनियर एनटीआर अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स में भी व्यस्त हैं। अब फैंस की नजरें उनकी आने वाली फिल्मों और 18 जुलाई को शुरू होने वाली सामाजिक पहल 'ऊरु वाडा' पर टिकी हैं।
Created On :   14 July 2026 10:43 PM IST












