चाटर्ड अकाउंटेंट बनाना चाहते थे पिता, फिल्ममेकर बन गए हिरानी

Know the unknown facts of director raj kumar hirani on birthday
चाटर्ड अकाउंटेंट बनाना चाहते थे पिता, फिल्ममेकर बन गए हिरानी
चाटर्ड अकाउंटेंट बनाना चाहते थे पिता, फिल्ममेकर बन गए हिरानी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड निर्देशक राजकुमार हिरानी का नाम ऐसे फिल्ममेकर में शुमार किया जाता है जो कुछ अलग हटकर फिल्में बनाते हैं। राज कुमार हिरानी आज अपना 55वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। उनका जन्म 20 नवंबर 1962 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ है। आज राज कुमार हिरानी का नाम बॉलीवुड के सफलतम निर्देशकों की श्रेणी में गिना जाता है। राजकुमार ने अपनी पढ़ाई नागपुर से की, इसके बाद उन्होंने कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया। राजकुमार हिरानी के पिता सुरेश हिरानी नागपुर में एक टाइपिंग इंस्टिट्यूट चलाते थे। उनकी इच्छा थी कि राजू चाटर्ड अकाउंटेंट बने, लेकिन राजू हिरानी तो कुछ और ही करना चाहते थे।

उन्होंने मुंबई में एक्टिंग स्कूल भी ज्वॉइन किया, लेकिन वहां से वह तीन दिन में ही वापस लौट गए। इसके बाद उन्होंने पुणे से फिल्म एडिटिंग का कोर्स किया। एडिटिंग का कोर्स करने के बाद भी जब हिरानी को सफलता नहीं मिली तो एडवरटाइजिंग की ओर रुख कर लिया। इससे भी बहुत ज्यादा संतुष्ट नहीं हुई तो निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा के साथ फिल्म बनाना सीखने लगे, और फिर "1942: ए लव स्टोरी" के प्रोमो और ट्रेलर पर काम किया। 

 

मुन्ना भाई से मिली खास पहचान


2003 में राजकुमार हिरानी ने "मुन्ना भाई एमबीबीएस" का निर्देशन किया। उनकी यह फिल्म जबरदस्त हिट साबित हुई। इस फिल्म में संजय दत्त मुख्य किरदार में थे। इस तरह पहली ही फिल्म से ही राज कुमार हिरानी ने लोगों पर अपना जादू चला दिया। इसके बाद उन्होंने "लगे रहो मुन्ना भाई" बनाई, इस फिल्म को भी लोगों का बहुत प्यार मिला। इसके बाद आई उनकी वह फिल्म जिसने इतिहास बना दिया। इंजीनियरिंग के स्टूडेंट्स पर बेस्ड फिल्म "3 ईडियट्स", जिसमें आमिर खान, शरमन जोशी, आर माधवन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई। यह फिल्म सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी। इसके बाद उन्होंने आमिर खान को लेकर ही "पीके" बनाई और इस फिल्म ने भी कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए।


पाकिस्तान से भारत आए थे पुरखे
 
हिरानी का जन्‍म नागपुर में एक सिन्‍धी परिवार में हुआ था, उनके पिता का नाम सुरेश हिरानी भारत के विभाजन के दौरान मेहराबपुर, सिंध जो कि अब पाकिस्‍तान का हिस्‍सा है, वहां से भारत आए थे। राजुकमार हीरानी तब 14 साल के थे। उनकी शादी मंजीत हिरानी से हुई है, उन्‍हें एक लड़का है जिसका नाम वीर हिरानी है।  

 

 

इन दिनों राज कुमार हिरानी संजय दत्‍त पर एक बायोपिक भी बना रहे हैं जिसमें उन्‍होंने रणबीर कपूर को लीड रोल में लिया है। इसकी शूटिंग अभी चालू है। हालांकि 2016 में रिलीज हुई फिल्म "साला खड़ूस" कुछ कमाल नहीं कर पाई, लेकिन इसके बाद भी राजकुमार हिरानी का नाम आज बड़े निर्देशकों की लिस्ट में शुमार है। राजकुमार हिरानी को उनकी फिल्मों के लिए कई पुरस्कार भी मिले हैं। उन्‍होंने फिल्‍म "मिशन कश्‍मीर" के लिए फिल्‍म एडिटर के तौर पर भी काम किया। 

Created On :   20 Nov 2017 5:25 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story