अभिनेता सुशांत के निधन पर योगी सहित कई नेताओं ने जताया दु:ख

Many leaders including Yogi expressed grief over the death of actor Sushant
अभिनेता सुशांत के निधन पर योगी सहित कई नेताओं ने जताया दु:ख
अभिनेता सुशांत के निधन पर योगी सहित कई नेताओं ने जताया दु:ख

लखनऊ, 14 जून (आईएएनएस)। बॉलिवुड अभिनेता और महेंद्र सिंह धोनी पर बनी फिल्म से चर्चा में आए सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या पर उप्र के मुख्यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने दु:ख जताया है।

मुख्यमंत्री योगी ने शोक संदेश में लिखा, सुशांत सिंह राजपूत जैसे उभरते हुए प्रतिभावान युवा कलाकार का इस प्रकार नश्वर संसार से विदा होना अचंभित करने वाला एवं दु:खद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति और अपने श्री चरणों में स्थान दें। मेरी संवेदनाएं उनके शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। शांति।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने लिखा, बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकार व बेहतरीन व्यक्तित्व के धनी श्री सुशांत सिंह राजपूत जी के असामयिक निधन की दुखद सूचना प्राप्त हुई। सुशांत जी का निधन फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति व परिजनों को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा, लोकप्रिय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का यूं अचानक जाना हिंदी फिल्म जगत और उनके चाहनेवालों के लिए अत्यंत दुखद एवं स्तब्धकारी है.. धोनी के रूप में उनकी भूमिका हमेशा अमर रहेगी। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

बसपा मुखिया मायावती ने लिखा, युवा फिल्मी कलाकार सुशान्त सिंह राजपूत के आज असामयिक निधन की खबर अति-दुखद। गहरी संवेदना। पटना में जन्मे व फिजिक्स में नेशनल ओलम्पियाड विजेता सुशान्त टेलीविजन की दुनिया से आगे बढ़कर हिन्दी फिल्मजगत में पहुंचे थे। कुदरत उनके परिवार व फैन्स को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

गौरतलब है कि बॉलीवुड से एक बहुत ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। वे 34 साल के थे। सुशांत बॉलीवुड के बेहद लोकप्रिय एक्टर थे। उन्होंने अपने करियर की शुरूआत टीवी एक्टर के तौर पर की थी। इसके बाद वो शुद्ध देसी रोमांस में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे थे। हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभा कर बटोरी थी। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित एम एस धोनी की बायोपिक सुशांत के करियर की महत्वपूर्ण फिल्म थी जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था।

Created On :   14 Jun 2020 1:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story