रणबीर नहीं रणवीर थे ‘संजू’ के लिए पहली पसंद: विधु विनोद चोपड़ा

रणबीर नहीं रणवीर थे ‘संजू’ के लिए पहली पसंद: विधु विनोद चोपड़ा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘संजू’ की रिलीज में कुछ ही दिन बाकी है। फिल्म में संजय दत्त का किरदार अभिनेता रणबीर कपूर ने निभाया है। इस फिल्म में रणबीर के लुक और उनके अभिनय की हर कोई तारीफ कर रहा है। संजय की जिंदगी और इस फिल्म से जुड़ी कई दिलचस्प बातें धीरे-धीरे सामने आ रही हैं। इसी बीच फिल्म के प्रोड्यूसर विधु विनोद चोपड़ा ने एक बड़ा खुलासा किया है। चोपड़ा के मुताबिक इस फिल्म में संजय दत्त के रोल के लिए उनकी पहली पसंद रणबीर कपूर नहीं बल्कि रणवीर सिंह थे।

                   


मुझे लगा हीरानी पागल हो गए हैं: विधु विनोद चोपड़ा
एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में विधु विनोद चोपड़ा ने बताया कि जब डायरेक्टर राजकुमार हीरानी और पटकथा लेखक अभिजात जोशी ने पहली बार उनसे संजय दत्त की लाइफ पर फिल्म बनाने की बात कही तो उन्हें लगा कि राजू हीरानी और अभिजात का दिमाग खराब हो गया है। जब दोनों ने चोपड़ा को सिलसिलेवार तरीके से संजू की कहानी सुनानी शुरू की तो विधु विनोद चोपड़ा हैरान रह गए। हालांकि उन्हें लग रहा था कि संजय दत्त ने हीरानी को अपने बारे में शायद ही सच बताया होगा, लेकिन जब रिसर्च किया गया तो संजय दत्त की 308 से ज्यादा गर्लफ्रेंड्स होने और बस की टिकट के लिए अमेरिका की सड़कों पर भीख मांगने जैसे किस्से सही साबित हुए। हमें मालूम चला कि संजय दत्त ने जो भी अपने बारे में बताया हो सब सच था।

                   


रणबीर ने खुद को संजय दत्त के किरदार में ढाल लिया
विधु विनोद चोपड़ा ने आगे बताया कि फिल्म में संजय दत्त का किरदार निभाने के लिए रणबीर कपूर को लेने का आइडिया खुद राजू हीरानी का था। जब राजू हीरानी ने उन्हें रणबीर को टाइटल रोल में लेने का सुझाव दिया तो वो खुश नहीं थे। उन्हें लग रहा था कि संजय दत्त के किरदार को निभाने के लिए रणबीर कपूर की बजाय रणवीर सिंह ज्यादा बेहतर अभिनेता होंगे। चोपड़ा का ख्याल था कि रणवीर सिंह का तड़क-भड़क वाला अंदाज और जज्बाती किरदार निभाने की अभिनय क्षमता संजय दत्त की भूमिका निभाने के लिए परफेक्ट है। विधु विनोद चोपड़ा ने कहा कि राजू हीरानी सिर्फ रणबीर को ही इस रोल में लेना चाहते थे। जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई और रणबीर का काम उनके सामने आया तो उनकी सोच गलत साबित हो गई। उन्हें यकीन हो गया कि रणबीर अपने अंदाज और अभिनय से संजय दत्त की भूमिका में पूरी तरह डूब गए थे। फिल्म ‘संजू’ 29 जून को रिलीज हो रही है। 
 

Created On :   20 Jun 2018 5:26 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story