मुकुल देव निधन: 'सन ऑफ सरदार' फेम एक्टर मुकुल देव ने दुनिया को कहा अलविदा, 54 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

- 'सन ऑफ सरदार' फेम एक्टर मुकुल देव ने दुनिया को कहा अलविदा
- 54 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
डिजिटल डेस्क, मुंबई। 'सन ऑफ सरदार', 'आर...राजकुमार', 'जय हो' सहित कई फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वाले मुकुल देव ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 54 साल के एक्टर मुकुल देव का शुक्रवार की रात को निधन हो गया है। इस खबर ने सबको हैरान कर दिया है। शनिवार को उनके दोस्त उनके निधन की खबर सुनकर उनके घर पहुंचे थे। अभिनेता की मौत कैसे हुई अब इसे लेकर डिटेल्स नहीं मिल पाई हैं।
दीपशिखा नागपाल ने निधन की खबर को किया कंफर्म
मुकुल देव की करीबी दोस्त दीपशिखा नागपाल ने सोशल मीडिया पर एक्टर के निधन की खबर की पुष्टि की है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मुकुल देव संग अपनी एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लिखा, "RIP"वहीं एक्टर के निधन की खबर से फैंस और तमाम सेलेब्स शॉक्ड हो गए हैं। इतनी कम उम्र में एक्टर का जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है।
राहुल देव के भाई थे मुकुल देव
मुकल देव को आखिरी बार हिंदी फिल्म 'अंत द एंड' में देखा गया था। वे अभिनेता राहुल देव के भाई थे मुकुल देव का जन्म नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था, जिसकी जड़ें जालंधर के पास एक गाँव में थीं। उनके पिता हरि देव, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस थे, और उन्होंने ही उन्हें अफगान संस्कृति से परिचित कराया था। उनके पिता पश्तो और फ़ारसी बोल सकते थे। बता दें कि, एक्टर के अलावा मुकुल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से ट्रेंड पायलट भी थे।
मनोज बाजपेयी ने जताया शोक
मनोज बाजपेयी को मुकुल देव के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर एक्टर की मौत पर दुख जताते हुए लिखा है, "मैं जो महसूस कर रहा हूं उसे शब्दों में बयां करना असंभव है। मुकुल एक भाई की तरह थे, एक कलाकार जिनकी गर्मजोशी और जुनून बेजोड़ था। बहुत जल्दी, बहुत कम उम्र में चले गए। मैं उनके परिवार और इस क्षति से दुखी सभी लोगों के लिए शक्ति और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं। मिस यू मेरी जान...जब तक हम दोबारा नहीं मिलते। ओम शांति।"
Created On :   24 May 2025 12:37 PM IST