- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- वोट चोरी के आरोप में पुलिस ने चिराग...
फैक्ट चेक: वोट चोरी के आरोप में पुलिस ने चिराग पासवान को नहीं किया अरेस्ट, वायरल दावा झूठा, 3 साल पुराना वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। क्लिप में उन्हें पुलिस की जीप में बैठे देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स का दावा है कि उन्हें वोट चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
एक इंस्टाग्राम यूजर ने पोस्ट उस दिन शेयर किया जिस दिन बिहार में पहले चरण के लिए वोटिंग हुई थी। मालूम हो कि, राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को चुनाव हुआ था। एक हजार से भी अधिक प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे थे। बता दें, 11 नवंबर को 122 सीटों पर दूसरे चरण की वोटिंग होगी। इसके बाद 14 नवंबर को सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।
सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?
'ahiran_santu_1k' नामक इंस्टाग्राम यूजर ने वायरल पोस्ट शेयर कर लिखा कि वोट चोरी में चिराग पासवान गिरफ्तार हुआ। पटना में EVM मशीन लगाया गया था वोट चोरी करने के लिए।
क्या है वायरल पोस्ट के पीछे की सच्चाई?
वायल पोस्ट की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल पर सर्च किया। ऐसा करने पर हमें चिराग पासवान की गिरफ्तारी से जुड़ी कोई भी खबर नहीं मिली। इसके बाद हमने वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट लिया और गूगल लेंस पर अपलोड कर सर्च किया। ऐसा करने पर हमें 'बिहार तक' नाम का आधिकारिक एक्स अकाउंट मिला जिस पर तीन साल पहले केंद्रीय मंत्री का वीडियो शेयर किया गया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पुलिस चिराग पासवान को जीप में बैठा कर ले जा रही है। पोस्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार के खिलाफ गांधी मैदान से राजभवन तक मार्च कर रहे चिराग पासवान को पुलिस ने पटना में गिरफ्तार कर लिया।
इतना ही नहीं बल्कि हमें कई खबरें मिलीं जिनके मुताबिक, 2022 में जब चिराग पासवान नीतीश कुमार के खिलाफ मार्च निकाल रहे थे तब उन्हें हिरासत में लिया गया था।
Created On :   9 Nov 2025 12:53 PM IST












