- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- बुजुर्ग पर गाय के हमला करने का ये...
फैक्ट चेक: बुजुर्ग पर गाय के हमला करने का ये वीडियो बिहार का नहीं, रिवर्स सर्च में सामने आया सच

- बुजुर्ग का वीडियो वायरल
- व्यक्ति पर गाय ने किया हमला
- असल में महाराष्ट्र की है घटना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तूल पकड़ता जा रहा है। क्लिप में दो से तीन गायों को एक बुजुर्ग शख्स पर हमला करने हुए देखा जा सकता है। व्यक्ति जैसे ही बाइक से नीचे उतरता है वैसे ही एक गाय उन पर हमला कर देती है। इसके बाद सड़क के आस-पास खड़े लोग बुजुर्ग की जान बचाते हैं। यूजर्स इस वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह घटना बिहार की है। आपको बता दें, हमने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो बिहार की नहीं बल्कि महाराष्ट्र की है।
सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?
'Bireandar Paswan' नामक फेसबुक यूजर ने वायरल वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर कर लिखा, बिहार के बांका जिला में पुनिसिया गांव में दो बेकाबू आवारा गायों ने बीच सड़क पर दो बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को बुरी तरह सींगों से मारते हुए कुचल डाला। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है।
क्या है वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने क्लिप के स्क्रीनशॉट लिए और उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ऐसा करने पर हमें 'TV9 Bharatvarsh' का आधिकारिक यूट्यूब चैनल मिला। यहां पर तीन हफ्ते पहले यानि 25 जून को वायरल वीडियो से जुड़ी जानकारी शेयर की गई थी। यहां से मिली सूचना के मुताबिक, छत्रपति शिवाजी नगर, कलवान निवासी भालचंद्र रघुनाथ मालपुरे (85) दोपहिया वाहन पर पीछे बैठे थे। जैसे ही वे बाइक से उतरे, गायों ने मालपुरे को सींगों से उठा लिया और सड़क पर रौंद दिया। आस-पास खड़े लोगों ने मदद करने की कोशिश की, लेकिन गायें उन पर हमला करती रहीं। गंभीर रूप से घायल मालपुरे को स्थानीय लोगों ने कलवान ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से कलवान शहर में हड़कंप मच गया है और आवारा पशुओं पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।
Created On :   23 July 2025 2:00 PM IST