- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- बीमार तेंदुए का वीडियो गलत दावे से...
फैक्ट चेक: बीमार तेंदुए का वीडियो गलत दावे से किया जा रहा वायरल, रिवर्स सर्च में पता चली सच्चाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक तेंदुए का वीडियो तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो में तेंदुए को धीरे-धीरे चलते देखा जा सकता है। वहीं, कुछ लोग भी उसके आस-पास नजर आ रहे हैं। वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह घटना छत्तीसगढ़ की है। कुछ लोग इसे हालिया घटना समझ कर शेयर कर रहे हैं और कहा जा रहा है कि कच्ची शराब पीने से तेंदुए बीमार हो गया। आपको बता दें कि, यह दावा पूरी तरफ फर्जी है। दरअसल, वीडियो मध्य प्रदेश के देवास का है जिसे 2023 में शूट किया गया था।
सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?
'Shashi Kant Sharma' नामक फेसबुक यूजर ने तेंदुए का वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा- एक तेंदुआ शराब की भट्टी में घुस गया और शराब पी ली..। इसके बाद वह भूल गया कि वह तेंदुआ हैं। ग्रामीणों ने उसे जंगल तक पहुंचाया..। यह जीता जागता उदाहरण कि शराब हमें नम्र, विनम्र, सभ्य और शिष्ट बनाती हैं..!”
क्या है वायरल पोस्ट के पीछी की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने क्लिप के स्क्रीनशॉट्स लिए और गूगल इमेज सर्च की मदद ली। ऐसा करने पर हमें 'NBT MP-Chhattisgarh' नाम का एक यूट्यूब चैनल मिला जहां तेंदुए का वीडियो 30 अगस्त 2023 को ही शेयर कर दिया गया था। यहां से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मध्य प्रदेश के देवास की है। वीडियो के डिस्क्रिप्शन में लिखा है- देवास जिले में सोनकच्छ क्षेत्र में इकलेरा माताजी के जंगल में कालीसिंध नदी के किनारे मंगलवार दोपहर तेंदुआ दिखाई दिया।ग्रामीणों को इसकी जानकारी लगी तो तेंदुए को देखने जुट गए। तेंदुआ सुस्त नज़र आ रहा था।उससे ठीक से चला भी नहीं जा रहा था। ग्रामीण पहले उसे देखकर घबराए,लेकिन तेंदुए ने कोई हरकत नहीं कि तो उसके साथ मस्ती करने लगे। कुछ लोगों ने तो तेंदुए को खिलौना ही बना लिया। फोटो, वीडियो बनाने और सेल्फी लेने तक तो ठीक था कुछ लोग उसकी सवारी तक करने लगे। शाम होते होते वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। इस दौरान उज्जैन से रेस्क्यू टीम भी आ गई। उज्जैन की रेस्क्यू टीम और देवास वन विभाग की टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू किया। तेंदुए के शरीर पर चोंट का कोई निशान नहीं था।
Created On :   23 Oct 2025 1:30 PM IST