UP News: पूजा के लिए फूल तोड़ते समय 23वीं मंजिल से पिता के साथ गिरा बेटा, दोनों की दर्दनाक मौत

पूजा के लिए फूल तोड़ते समय 23वीं मंजिल से पिता के साथ गिरा बेटा, दोनों की दर्दनाक मौत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और बेटे की मौत हो गई है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में शुक्रवार सुबह ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दुखी कर दिया है। यहां एक पिता और उनके 11 साल के बेटे की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई है। दोनों घर की बालकनी में फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक बच्चे का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए पिता ने तुरंत हाथ बढ़ाया, लेकिन इस कोशिश में वह खुद भी अपना संतुलन खो बैठे। दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। परिवार उस दिन खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में सब कुछ बदल गया।

23वीं मंजिल से नीचे गिरे पिता और बेटा

बताया जा रहा है कि यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 में हुई। मृतकों की पहचान 40 साल के रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे बालकनी में थे। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण वहां पानी जमा था और फर्श पर फिसलन हो गई थी। इसी दौरान आरव का पैर फिसला और वह रेलिंग से नीचे की तरफ लटक गया। बच्चे को बचाने के लिए पिता आगे बढ़े, लेकिन उनका भी पैर फिसल गया। दोनों सीधे नीचे जा गिरे।

खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी

परिवार ने शुक्रवार को खाटू श्याम मंदिर जाने का प्लान बनाया था। रणदीप और उनकी पत्नी बेटे के साथ दर्शन करने वाले थे। इससे पहले मंदिर में चढ़ाने के लिए फूल तोड़ने की बात हुई। इसी वजह से पिता अपने बेटे के साथ बालकनी में गए थे। उस समय उनकी पत्नी कमरे में तैयार हो रही थीं। अचानक उन्हें पति के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह तुरंत बालकनी की तरफ दौड़ीं, लेकिन वहां कोई नहीं था। नीचे देखने पर उन्हें पति और बेटे दिखाई दिए। बताया गया है कि रणदीप दिल्ली के केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर काम करते थे।

पुलिस हादसे की वजह जानने में जुटी

आपको बता दें कि, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीन रंजन सिंह के मुताबिक, डायल 112 पर हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर बालकनी में यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

Created On :  

Tags

Next Story