सपा एमएलसी एसआरएस यादव का कोरोना से निधन

- सपा एमएलसी एसआरएस यादव का कोरोना से निधन
लखनऊ, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कोरोना लगातार अपने पांव पसार रहा है। इसकी चपेट में कई नेता और मंत्री आ चुके है। इसके कारण कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। विधान परिषद सदस्य और समाजवादी पार्टी के कार्यालय प्रभारी श्रीराम सिंह एसआरएस यादव का निधन हो गया है। बीती रात एसजीपीजीआई में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे।
मुलायम सिंह यादव के साथ अखिलेश यादव तथा पार्टी के अन्य नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
सपा अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि एसआरएस यादव के कोरोना से निधन पर हम सभी स्तब्ध हैं। प्रदेश ने आज एक समर्पित समाजवादी नेता खो दिया। उनको भावपूर्ण नमन व श्रद्धांजलि।
एसआरएस यादव पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साथ ही अखिलेश यादव के सबसे करीबी लोगों में शामिल थे। वह इतने अनुभवी थे कि मुलायम सिंह यादव के साथ ही साथ अखिलेश यादव के साथ भी काम कर रहे थे। समाजवादी पार्टी के कार्यालय की कमान भी एसआरएस यादव ही संभालते थे।
ज्ञात हो कि सहकारिता विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी श्रीराम सिंह यादव को समाजवादी पार्टी में एसआरएस के नाम से जाना जाता था। 87 वर्षीय एसआरएस यादव को अधिकतर लोग बाबूजी कहते थे। सेवानिवृत्ति के बाद से ही वह सक्रिय रूप से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए थे।
वर्ष 2016 में सपा ने उन्हें विधान परिषद में भेजा। उनका कार्यकाल 5 जुलाई 2021 तक था। वह मनोनीत क्षेत्र से एमएलसी थे। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है।
विकेटी-एसकेपी
Created On :   8 Sept 2020 2:01 PM IST












