खौफनाक मंजर: मध्यप्रदेश के रायसेन में भीषण सड़क हादसा, एक अनियंत्रित डंपर के बारात में घुसने से 6 लोगों की मौत 10 घायल

मध्यप्रदेश के रायसेन में भीषण सड़क हादसा,  एक अनियंत्रित डंपर के बारात में घुसने से 6 लोगों की मौत 10 घायल
  • बारात में घुसी अनियंत्रित डंपर
  • 6 लोगों की मौत, 10 घायल
  • जिला कलेक्टर ने मीडिया को दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के रायसेन में एक बड़ा हादसा हो गया। एक अनियंत्रित डंपर के बारात में घुसने से 6 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में दूल्हे का भाई, एक घोड़ी वाला व कुछ लाईट लेकर चलने वाले मजदूर शामिल हैं।जिला कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे ने मीडिया को इसकी जानकारी दी। हादसा देर रात में हुआ । बताया जा रहा है नर्मदापुरम जिले के ग्राम आंचलाखेड़ा से बारात पूर्व सरपंच रघुवीर अहिरवार के घर आई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे आयोजन के लिए बरात लग रही थी। तभी भोपाल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर बारातियों पर चढ़ गया। जिससे बरातियों और लाइट लेकर चल रहे कई लोग की चपेट में आ गए। हादसे में डंपर से कुचलकर लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास नेशनल हाइवे 45 पर टर्न है। डंपर ने तेज रफ्तार में टर्न से निकलने की कोशिश की, नतीजतन, वह अनियंत्रित होकर बारातियों पर चढ़ गया। डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक फरार हो गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रायसेन जिले में शादी समारोह के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री यादव ने घटना में हताहत लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भोपाल एम्स में भर्ती गंभीर घायलों का हाल-चाल जानने कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग एम्स पहुंचे।

एम्स पहुंचे मंत्री सारंग ने घायलों के ईलाज की जानकारी ली, सारंग ने कहा मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के सुल्तानपुर जोड़ से पहले ग्राम घाट खमरिया में विवाह समारोह में भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए नागरिकों को . मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर भोपाल एम्स में भर्ती किया गया है। सूचना प्राप्त होते ही एम्स पहुंचकर घायलों का हाल जाना एवं उनके उपचार हेतु सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एम्स रेफर किये गये 5 घायलों में से 3 की हालत ख़तरे से बाहर है। वहीं एक को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति को लगातार मॉनिटर कर रही है। दुर्भाग्यवश अति गंभीर रूप से घायल एक नागरिक को बचाने में हम सफल नहीं हो सके। शोकतंत्पत परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं।मुख्यमंत्री ने घटना में हताहत हुए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

Created On :   12 March 2024 3:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story