भूकंप की मार: भूकंप के 6 झटकों से अफगानिस्तान हुआ लाचार, 1000 लोगों की मौत, जगह-जगह इमारतें ढही

भूकंप के 6 झटकों से अफगानिस्तान हुआ लाचार, 1000 लोगों की मौत, जगह-जगह इमारतें ढही
  • अफगान में जबरदस्त भूंकप
  • अब तक करीब 1 हजार लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, काबुल। अफगानिस्तान के लिए शनिवार (7अक्टूबर) का दिन बहुत बड़ा संकट भरा रहा। एक के बाद एक भूकंप के झटके ने देश में सबकुछ हिला कर रख दिया है। लगातार 6 झटकों की वजह से अफगान में तबाही के मंजर देखने को मिल रहे हैं। इस आपदा की वजह से करीब 1000 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों की संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अफगानिस्तान में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 मापी गई है। जानकारी के मुताबिक मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। यूएसजीएस ने अफगान में आए भूकंप को लेकर बताया कि, इस आपदा का केंद्र देश के सबसे बड़े शहर हेरात से 40 किलोमीटर नॉर्थ वेस्ट में था।

चश्मदीद ने क्या बताया?

अफगानिस्तान में आए भूकंप का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लोग भूकंप को महसूस कर कैसे घर, दुकान को छोड़ खुले में भाग रहे हैं। हेरात के रहने वाले एक बशीर नाम के शख्स ने बताया कि, भूकंप के समय हम सभी ऑफिस में थे अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। देखते-देखते दीवार पर लगी प्लास्टर गिरने लगी, जिसकी वजह से चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हेरात शहर के 19 लाख आबादी पर असर

भयानक भूकंप को लेकर अफगानिस्तान के नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के प्रवक्ता ने कहा कि, गांवों और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। जिनमें काफी लोगों की मारे जाने की खबर है। फिलहाल अभी हमारे पास कुछ ज्यादा जानकारियां नहीं हैं। अफगानिस्तान के सबसे बड़े शहर हेरात को सांस्कृतिक राजधानी कहा जाता है। यहां की आबादी करीब 19 लाख है। पिछले साल भी अफगान में जबरदस्त भूकंप आई थी। जिसकी वजह से करीब 1000 लोगों की मौत हो गई थी।

भूकंप का क्या है कारण?

अफगानिस्तान में भूकंप फराह और बदगीस प्रांतों में भी महसूस किया गया है। विश्लेषकों के मुताबिक, अफगान में भूकंप आने की वजह हिंदुकुश पर्वत श्रृंखला में यूरेशियन और भारती टैक्टोनिक प्लेटों के अभिसरण है, जो बार-बार इसे दहला देता है। कई बार हिंदुकुश के भूकंप का असर भारत की राजधानी दिल्ली तक होता है।

Created On :   8 Oct 2023 5:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story