America-Iran Tension: अमेरिका-ईरान में बढ़ा तनाव, ट्रंप का बड़ा दावा- होर्मुज पर अमेरिका की मजबूत पकड़, ईरान ने किया पलटवार

अमेरिका-ईरान में बढ़ा तनाव, ट्रंप का बड़ा दावा- होर्मुज पर अमेरिका की मजबूत पकड़, ईरान ने किया पलटवार
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। ट्रंप ने होर्मुज जलमार्ग पर अमेरिकी पकड़ का दावा किया है, जबकि ईरान ने जवाबी हमले की बात कही है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा तनाव लगातार बढ़ता दिख रहा है। दोनों देशों के बीच हमले और जवाबी कार्रवाई का दौर जारी है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलमार्ग पर अमेरिका का लगभग पूरा नियंत्रण हो गया है। ट्रंप का कहना है कि प्रतिबंधों और लगातार हो रहे हमलों की वजह से ईरान की अर्थव्यवस्था बुरी तरह कमजोर हो रही है। उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिका ईरान को किसी बातचीत या समझौते के लिए मजबूर नहीं कर रहा है। वहीं, ईरान ने अमेरिका के इन दावों को स्वीकार नहीं किया है।

ट्रंप बोले- समझौते के लिए दबाव नहीं बनाएंगे

आपको बता दें कि, ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा कि अमेरिका ईरान को बातचीत की मेज पर लाने के लिए मजबूर नहीं कर रहा है। उन्होंने इस तरह की खबरों को गलत बताया। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान कोई ऐसा समझौता करता है, जिससे उसे फायदा नहीं होता, तो अमेरिका को इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने मौजूदा हालात पर भी अपनी बात रखी और कहा कि होर्मुज जलमार्ग पर अमेरिका की पकड़ काफी मजबूत है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि ईरान की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है।

होर्मुज जलमार्ग को लेकर दोनों देशों में अलग दावा

अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलमार्ग को लेकर भी बड़ा मतभेद है। ट्रंप पहले भी कई बार इस रास्ते पर अमेरिकी नियंत्रण होने की बात कह चुके हैं। दूसरी तरफ ईरान ने इन दावों को खारिज किया है। तेहरान का कहना है कि इस अहम जलमार्ग पर उसका कंट्रोल बना हुआ है। होर्मुज जलमार्ग दुनिया के लिए बेहद जरूरी समुद्री रास्ता है। यहां किसी भी तरह की परेशानी का असर तेल और दूसरे सामान की आवाजाही पर पड़ सकता है। इसी वजह से इस इलाके में बढ़ता तनाव पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा रहा है।

ईरान ने अमेरिकी ठिकाने पर हमले का दावा किया

अमेरिका की ओर से ईरान पर हमले के बाद अब ईरान की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की बात सामने आई है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC ने दावा किया कि उसने जॉर्डन के अकाबा के पास अमेरिकी मरीन के एक कैंप को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया। ईरान की ओर से यह भी दावा किया गया कि हमले में कई अमेरिकी सैनिक मारे गए। हालांकि, इस दावे की पुष्टि जरूरी है। दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ती सैन्य कार्रवाई से क्षेत्र में तनाव और ज्यादा गहरा गया है।

Created On :   2 Sept 2026 9:45 AM IST

Tags

Next Story