US-Iran War: मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज को लेकर अमेरिका के दावों को किया खारिज, कहा- 'ना बात होगी और ना ही...'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं और तनाव अपने ऊपरी स्तर पर पहुंचता नजर आ रहा है। ईरान ने साफ संकेत दे दिया है कि वह किसी भी दबाव में आने वाला नहीं है। खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर उसका रुख काफी सख्त नजर आ रहा है, जिससे दुनिया भर की चिंता बढ़ गई है। वहीं, अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर कई दावे कर रहा है, जिसको ईरान ने खारिज कर दिया है।
बातचीत से साफ इनकार
ईरान की संसद के उपाध्यक्ष का साफ कहना है कि देश ने न तो अमेरिका के साथ कोई बातचीत की है और न ही आगे ऐसी कोई योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत को लेकर जो भी खबरें सामने आई हैं, वे गलत हैं और सिर्फ भ्रम फैलाने के लिए हैं। उनका कहना है कि फिलहाल ईरान किसी भी तरह की चर्चा के मूड में नहीं है।
अंतिम फैसला सर्वोच्च नेता के हाथ में
ईरान में युद्ध या शांति से जुड़े बड़े फैसले सर्वोच्च नेता ही लेते हैं। उपाध्यक्ष ने बताया है कि अभी तक बातचीत के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। इसी बीच संसद ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक नई योजना को मंजूरी दी है, जिसमें वहां से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने की बात की गई है।
यह भी पढ़े -चुनाव आयोग ने असम-केरल-पुडुचेरी के लिए 282 केंद्रीय पर्यवेक्षकों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए
तेल बाजार पर असर
होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही लगभग रुकने की वजह से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर तेल की कीमतों पर पड़ा है, जो तेजी से बढ़ रही हैं। इससे कई देशों की अर्थव्यवस्था पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।
अमेरिका की चेतावनी
दूसरी तरफ अमेरिका ने कहा है कि वह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को बंद नहीं होने देगा। उसका कहना है कि अगर ईरान अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन नहीं करता, तो वह अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर रास्ता खुलवाने की कोशिश करेगा।
Created On :   1 April 2026 4:45 PM IST












