US-Iran Peace Talks 2.0: अमेरिका-ईरान के बीच बैठक से पहले पाकिस्तान और चीन की अहम मीटिंग, शांति वार्ता पर चर्चा, जर्मनी ने की बैठक में शामिल होने की अपील

अमेरिका-ईरान के बीच बैठक से पहले पाकिस्तान और चीन की अहम मीटिंग, शांति वार्ता पर चर्चा, जर्मनी ने की बैठक में शामिल होने की अपील
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली शांति वार्ता पर सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच, पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। उसने खुले तौर पर इस वार्ता को लेकर चीन पर भरोसा जताया है।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली शांति वार्ता पर सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच, पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। उसने खुले तौर पर इस वार्ता को लेकर चीन पर भरोसा जताया है। हालांकि, यह बैठक आज (मंगलवार) प्रस्तावित थी, लेकिन ईरान ने इसमें शामिल होने से मना कर दिया है। वहीं, इस बातचीत को लेकर अटकले लगाई जा रही हैं कि यह बुधवार तक टलने वाली है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बार फिर सख्त रुख देखने को मिला है। उनका कहना है कि अगर सीजफायर समाप्त हो जाता है तो ईरान पर बम गिराएंगे। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान बातचीत पर सहमत हो जाता है और सफल हुई तो फिर आगे तेहरान के नेताओं से वे मुलाकात भी करेंगे।

शांति वार्ता पर पाकिस्तान और चीन की बातचीत

इस बातचीत की गहमागहमी के बीच पाकिस्तान का बड़ा बयान सामने आया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस्लामाबाद में चीन के राजदूत जियांग जैदोंग और उनके विदेश मंत्री इशाक डार की एक अहम बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने अमेरिका और ईरान शांति प्रयासों पर बातचीत की, जिसमें चीन ने पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की। इसके साथ ही दोनों देशों ने 'सदाबहार' चीन-पाकिस्तान साझेदारी को और मजबूत करने पर बातचीत की।

जर्मनी ने वार्ता पर क्या कहा?

दूसरी तरफ यूरोप भी इस शांति वार्ता को लेकर एक्टिव दिखाई दे रहा है। जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल की प्रतिक्रिया सामने आई है। इस दौरान उन्होंने ईरान से अपील करते हुए कहा कि वह इस्लामाबाद में प्रस्तावित शांति वार्ता पर सहमति दें और अपनी जनता के लिए एक कूटनीतिक रास्ता निकाले। ब्रुसेल्स में यूरोपीय विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने से पहले उन्होंने कहा था कि ईरान को यह मौका किसी हाल में नहीं गंवाना चाहिए। अगर वह ऐसा करता है तो उसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Created On :   21 April 2026 8:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story