Iran-US Peace Talk: इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता में किस देश के कितने बड़े नेता होंगे शामिल? यहां देखें पूरी लिस्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच आज पूरी दुनिया की नजर पाकिस्तान पर है। राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता शुरू हो रही है। हाल ही में दोनों देशों ने 15 दिन के सीजफायर पर सहमति दी थी। कहा जा रहा है कि इसमें पाकिस्तान ने अहम भूमिका निभाई। इसी वजह से इस बातचीत को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बैठक में ईरान, अमेरिका और पाकिस्तान के बड़े नेता और अधिकारी शामिल हो रहे हैं। सभी की उम्मीद है कि इस बातचीत से तनाव कम होगा और आगे शांति का रास्ता निकलेगा।
ईरान की तरफ से कौन शामिल
जानकारी के मुताबिक, ईरान की ओर से 6 बड़े नेता इस वार्ता में भाग ले रहे हैं। संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ इस टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी मौजूद हैं। इसके अलावा अली अकबर अहमदीन, अब्दोलनासेर हेम्मती, मजीद तख्त रवांची और मोहम्मद बागेर जोल्घाद्र जैसे अनुभवी लोग भी शामिल हैं। यह टीम सिर्फ राजनीति ही नहीं बल्कि आर्थिक और सुरक्षा मामलों पर भी बात करेगी। ईरान ने अपने दल का नाम “मीनाब 168” रखा है।
अमेरिका की तरफ से कौन शामिल
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका की तरफ से 4 प्रमुख लोग बातचीत के लिए पहुंचे हैं। इस टीम का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं। उनके साथ जारेड कुशनर, स्टीव विटकॉफ और ब्रैड कूपर भी मौजूद हैं। यह सभी लोग विदेश नीति और सुरक्षा मामलों के जानकार हैं। इनका मुख्य उद्देश्य ईरान के साथ तनाव कम करना और आगे के समझौते पर बात करना है। अमेरिका इस वार्ता को बहुत गंभीरता से ले रहा है।
पाकिस्तान की भूमिका क्यों खास
बताया जा रहा है कि इस पूरी बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका बहुत अहम है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख असीम मुनीर और विदेश मंत्री इशाक डार इस बैठक को होस्ट कर रहे हैं। पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच सीजफायर कराने में मदद की थी। अब वही देश शांति वार्ता का मंच बना है। अगर यह बातचीत सफल होती है तो यह पूरी दुनिया के लिए अच्छी खबर होगी।
Created On :   11 April 2026 9:43 AM IST












