Israel-US-Iran War: अमेरिका पर कहर बरपा रहा ईरान! एक ओर F-35 फाइटर जेट को किया तबाह, पायलट को बनाया बंधक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच युद्ध से कोहराम मचा हुआ है। इस बीच ईरान ने शुक्रवार को अमेरिका के दूसरे फीफ्थ जनरेशन स्टील्थ F-35 फाइटर जेट को निशाना बनाने का दावा किया। इतना ही नहीं, बल्कि यह भी कहा जा रहा है कि ईरान ने अमेरिकी F-35 लड़ाकू जेट को मार गिराने के बाद उसके पायलट को भी बंधक बना लिया है।
ईरान ने एक और अमेरिकी फाइट जेट F-35 को मार गिराने का किया दावा
ईरान के सरकारी और अर्ध-सरकारी न्यूज चैनलों ने अधिकारियों के हवाले से कहा है कि पायलट के जिंदा बचने की संभावना कम है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि एफ-35 लड़ाकू विमान के पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया है। हालांकि, अभी तक अमेरिका की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ईरान की तस्लीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने आज शुक्रवार (3 अप्रैल, 2026) को पहले अमेरिका के एक एडवांस लड़ाकू विमान को मार गिराया है। पायलट पर हमले के बाद पायलट ने इजेक्ट किया और देश की सीमा के अंदर ही उतरा है।
मेहर न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट किया, 'अमेरिका यह मान रहा है उसका पायलट जिंदा हो सकता है और वह उसे ईरान की सीमा से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कुछ सूत्रों का कहना है कि हो सकता है कि पायलट को ईरानी फोर्स ने पकड़ लिया है।'
वहीं, ईरान की प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आईआरजीसी के सेंट्रल मिलिट्री हेडक्वार्टर खातम अल-अनबिया के प्रवक्ता ने कहा, 'IRGC के एयरोस्पेस फोर्स ने नए एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए अमेरिका के एक और पांचवीं पीढ़ी के F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान को मार गिराया है। हमले के दौरान हुए धमाके को देखते हुए पायलट के इजेक्ट होने की संभावना बहुत कम है।'
यह भी पढ़े -अमेरिका ने ईरान के अहम पुल पर किया हमला, ट्रंप ने चेतावनी दी- 'अभी बहुत कुछ होना बाकी है'
ईरानी दूतावास ने F-35 फाइट जेट पर हुए हमले का वीडियो किया जारी
इस घटना से पहले भी ईरान ने पिछले महीने 19 मार्च, 2026 को दावा किया था कि वह दुनिया के पहला देश बन गया है, जिसने अमेरिका के F-35 लाइटनिंग को मार गिराया है। यह अमेरिका के सबसे महंगे विमानों में से एक है और उसकी पांचवीं पीढ़ी की युद्ध क्षमता का मुख्य आधार है।
इस हमले के बाद भारत में मुंबई स्थित ईरान के वाणिज्यिक दूतावास ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट अपलोड किया। इस पोस्ट में ईरान के दूतावास ने एक विमान को मार गिराने का वीडिया शेयर किया। इसके साथ ही एक तस्वीर भी शेयर की। इसमें अमेरिकी एयर फोर्स से जुड़े निशान बने दिखाई दे रहे थे।
ईरान के वाणिज्यिक दूतावास ने पोस्ट में लिखा, 'हमारे स्वदेशी डिफेंस सिस्टम्स ने दुश्मन के एक और F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया। ईरान एक ताकत है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।'
बता दें, ईरान की ओर से यह हमला अमेरिकी सेना की उस कार्रवाई के बाद हुआ है, जिसके बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सेना ने ईरान के सबसे बड़े पुल को अपना निशाना बनाया है।
Created On :   3 April 2026 8:44 PM IST












