Iran-Israel War: 'अभी खत्म नहीं हुई है जंग', मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, ईरान को दी धमकी

अभी खत्म नहीं हुई है जंग, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, ईरान को दी धमकी
ट्रंप ने कहा जंग जारी है और ईरान पर बड़े हमले होंगे। “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” चल रहा है। समझौता नहीं हुआ तो पावर प्लांट पर हमला किया जाएगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने साफ कहा कि जंग अभी खत्म नहीं हुई है और आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे। ट्रंप ने बताया कि “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” अभी जारी है और अमेरिका अपने सभी टारगेट पूरे करने में लगा है। उन्होंने अगले दो से तीन हफ्तों में और कड़े हमले करने की बात कही। उनके बयान के बाद हालात और ज्यादा गंभीर नजर आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अपनी ताकत से पीछे नहीं हटेगा और मिशन पूरा करके ही रुकेगा।

ईरान पर कड़े हमले की चेतावनी

ट्रंप ने अपने भाषण में ईरान को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान समझौता नहीं करता है, तो अमेरिका बड़े हमले करेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने टारगेट के बहुत करीब है और जल्द ही उन्हें पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले हफ्तों में ईरान पर और ज्यादा दबाव बनाया जाएगा।

‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ जारी रहेगा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि सेना का ऑपरेशन लगातार चल रहा है। पिछले एक महीने में अमेरिकी सेना ने कई बड़ी कार्रवाई की है। ट्रंप के अनुसार, यह अभियान बहुत सफल रहा है और दुश्मन को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसी जीत पहले बहुत कम देखने को मिली है और सेना लगातार आगे बढ़ रही है।

पावर प्लांट पर हमले की धमकी

ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान बातचीत के लिए तैयार नहीं होता, तो उसके बिजली संयंत्रों पर हमला किया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की नौसेना और वायुसेना को काफी नुकसान पहुंचा है। साथ ही उन्होंने कहा कि दुश्मन के बड़े नेताओं को भी खत्म किया जा चुका है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका मकसद सत्ता बदलना नहीं था, लेकिन हालात की वजह से बदलाव हो गया।

Created On :   2 April 2026 9:41 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story