यूरेनियम संवर्धन: इजराइली हमले से ईरान के परमाणु ठिकाने पर रेडिएशन और केमिकल लीक हुआ

- ईरान के संपर्क में हैं रेगुलेटरी अथॉरिटी
- हमलों में ईरान के परमाणु केंद्रों को पहुंचा नुकसान
- ईरान के फोर्डो फ्यूल एनरिचमेंट प्लांट और एसफहान कॉम्पलेक्स परमाणु केंद्र पर हमला
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इजराइली हमले से ईरान के परमाणु ठिकाने पर रेडिएशन और केमिकल लीक हुआहै, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को हालात की जानकारी देते हुए इसकी जानकारी दी। एजेंसी के निदेशक राफेल ग्रोसी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा इजराइली हमले में ईरान के परमाणु ठिकाने पर रेडिएशन और केमिकल लीक हुआ है।
इजराइल ने ऑपरेशन राइजिंग लॉयन के जरिए ईरान के परमाणु ठिकानों के साथ ही 200 से ज्यादा स्थानों को निशाना बनाया है। इन हमलों में ईरान के परमाणु केंद्रों को तो नुकसान पहुंचा ही है, साथ ही ईरान की सेना के कई शीर्ष कमांडर और दो परमाणु वैज्ञानिक भी मारे गए हैं।
ग्रोसी ने आगे कहा कि इजराइली हमले में नतांज परमाणु ठिकाने के ऊपरी और जमीनी ढांचा तबाह हो गया है। हालांकि जमीन के भीतर मौजूद यूरेनियम संवर्धन केंद्र को कोई नुकसान नहीं पुहंचा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से सेंट्रीफ्यूज प्रभावित हुए। नतांज साइट पर रेडियोएक्टिव और केमिकल प्रदूषण हुआ है।
ईरान के फोर्डो फ्यूल एनरिचमेंट प्लांट और एसफहान कॉम्पलेक्स परमाणु केंद्र पर हमला हुआ है। ईरान की राजधानी तेहरान से 241 किलोमीटर दूर स्थित नतांज परमाणु केंद्र ईरान का यूरेनियम संवर्धन के लिए सबसे अहम केंद्र है। ईरान फिलहाल 60 प्रतिशत तक यूरेनियम संवर्धन इसी केंद्र पर कर रहा है।
ग्रोसी ने बताया कि साइट के बाहर मौजूद रेडिएशन सामान्य लेवल का है और इससे पर्यावरण और लोगों को कोई नुकसान नहीं होगा। ग्रोसी ने कहा कि परमाणु केंद्र के भीतर जो रेडिएशन है, वह अल्फा पार्टिकल्स हैं, जिन्हें सुरक्षा प्रबंधों से मैनेज किया जा सकता है। एजेंसी ईरान के परमाणु रेगुलेटरी अथॉरिटी के लगातार संपर्क में है और नुकसान की समीक्षा कर सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।
Created On :   14 Jun 2025 4:32 PM IST