हमला: मालदीव के प्रॉसिक्यूटर जनरल पर बदमाशों ने दिनदहाड़े किया हमला, कंधे पर चोट लगने के बाद कराया गया अस्पताल में भर्ती

मालदीव के प्रॉसिक्यूटर जनरल पर बदमाशों ने दिनदहाड़े किया हमला, कंधे पर चोट लगने के बाद कराया गया अस्पताल में भर्ती
  • मालदीव के मालदीव के प्रॉसिक्यूटर जनरल पर हमला
  • बदमाशों ने दिन-दहाड़े हथौड़े से किया वार
  • बाएं कंधे पर चोट लगने के बाद माले स्थित एडीके हॉस्पिटल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मालदीव के प्रॉसिक्यूटर जनरल हुसैन शमीम पर बुधवार सुबह बदमाशों ने हथौड़े से हमला कर दिया। बदमाशों ने दिन-दहाड़े सड़क के बीचों-बीच इस घटना को अंजाम दिया। आज सुबह मालदीव के प्रॉसिक्यूटर जनरल राजधानी माले में सुबह काम पर जा रहे थे और इसी बीच उन पर अचानक हमला हो गया। इस दौरान हुसैन को बाएं कंधे पर चोट आई, जिसके बाद उन्हें माले स्थित एडीके हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। शमीम हुसैन के कार्यालय ने हेल्थ अपडेट शेयर करते हुए बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

डेमोक्रेटिक पार्टी ने घटना को बताया सुनियोजित

पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद सोलिह की सरकार में शमीम हुसैन को प्रॉसिक्यूटर जनरल के पद पर नियुक्त किया गया था। मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में घटना को सुनियोजित बताया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पार्टी ने पोस्ट में लिखा, "मालदीव के प्रॉसिक्यूटर जनरल हुसैन शमीम पर आज दिनदहाड़े हथौड़े से बेरहमी से हमला किया गया। चूंकि हमला सड़क पर हुआ, इसीलिए इसे पूर्व नियोजित और सुनियोजित माना जा रहा है। राजनीति से बचने और आपराधिक न्याय प्रणाली के भीतर महत्वपूर्ण कर्तव्यों का पालन करने के लिए राज्य में संवैधानिक रूप से नियुक्त उच्च पद पर बैठे व्यक्ति पर इस तरह का हमला पूरी व्यवस्था पर हमला है। यह एक खतरनाक संकेत है। घटना की जांच मालदीव पुलिस द्वारा की जा रही है।"

कारण साफ नहीं

मालदीव में इन दिनों सरकार और विपक्ष के बीच भारी गतिरोध देखने को मिल रहा है। संसद भवन में बीते दिनों दोनों पक्ष के सांसदों के बीच हिंसक झड़प देखने को मिली थी। विवाद के कारण संसद की कार्यवाही कुछ समय के लिए ठप हो गई। यही नहीं विपक्ष राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पर लगातार महाभियोग चलाने की मांग कर रहा है। इस बीच हुसैन शमीम पर हुए हमले का कारण सरकार और विपक्षी पार्टी के बीच चल रहा मतभेद है या नहीं, इस पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि अभी यह कह पाना मुश्किल है कि गतिरोध की वजह से प्रॉसिक्यूटर जनरल शमीम हुसैन पर हमला हुआ है या घटना के पीछे कुछ और कारण है।

Created On :   31 Jan 2024 9:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story