नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम शरीफ का लंदन में निधन, कैंसर से थीं पीड़ित

begum kulsoom wife of former pakistan pm nawaz sharif died in london on tuesday
नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम शरीफ का लंदन में निधन, कैंसर से थीं पीड़ित
नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम शरीफ का लंदन में निधन, कैंसर से थीं पीड़ित
हाईलाइट
  • 68 वर्षीय कुलसुम लिम्फोमा (गले) कैंसर से पीड़ित थी।
  • उनका लंदन के हार्ले स्ट्रीट क्लिनिक में इलाज चल रहा था।
  • नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम नवाज का मंगलवार को लंदन में निधन हो गया।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम नवाज का मंगलवार को लंदन में निधन हो गया। 68 वर्षीय कुलसुम लिम्फोमा (गले) कैंसर से पीड़ित थीं। पिछले कई महीनों से उनका लंदन के हार्ले स्ट्रीट क्लिनिक में इलाज चल रहा था। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PMLN) के अध्यक्ष शाहबाज शरीफ ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया, "कुलसुम नवाज सोमवार से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थीं। वे पिछले महीने बेहतर महसूस कर रही थीं, लेकिन कल रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां आज उनका निधन हो गया।"

बता दें कि नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम शरीफ फिलहाल रावलपिंडी जेल में कैद हैं। इन दोनों को एवनफील्ड घोटाले में दोषी पाए जाने के बाद जेल की सजा सुनाई गई थी। जेल जाने से पहले यह दोनों लंदन कुलसुम से मिलने भी गए थे, लेकिन कुलसुम की तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण वह उनसे बात नहीं कर पाए थे। सूत्रों के अनुसार इन दोनों को कुलसुम के निधन की जानकारी दे दी गई है। 

पारिवारिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि अस्पताल से मृत्यु प्रमाणपत्र मिलने के बाद उनके शव को पाकिस्तान लाया जाएगा। इसके बाद उनको सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कुलसुम नवाज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पाकिस्तान हाई कमिशन को कुलसुम और उनके परिवार को हर संभव मदद देने की घोषणा की है।

1971 में कुलसुम से हुआ था नवाज का निकाह
कुलसुम नवाज का जन्म 1950 में लाहौर के एक कश्मीरी परिवार में हुआ था। कुलसुम और नवाज शरीफ का निकाह 1971 में हुआ था। इन दोनों के चार बच्चे हैं, जिनका नाम हसन, हुसैन, मरियम और असमा है।

कुलसुम 1990-1993, 1997-1999 और 2013-2017 में नवाज शरीफ के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान की प्रथम महिला भी रहीं। 1999 से 2002 तक कुलुसम ने PMLN के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। 2002 में पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने नवाज शरीफ की सरकार को बर्खास्त कर दिया था। वहीं कुलसुम और उनकी बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया था।

इसके बाद पिछले साल कुलसुम लाहौर उप-चुनाव में भी जीत हासिल की थी। हालांकि, चुनाव अभियान शुरू होने से कुछ ही समय पहले तबीयत खराब होने के कारण वह यूके चली गईं। बीमारी के कारण वह शपथ ग्रहण समारोह में भी भाग नहीं ले सकी। इसके बाद उनकी बेटी मरियम नवाज ने मां की अनुपस्थिति में PMLN की कमान संभाली थी।
 

Created On :   11 Sept 2018 7:17 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story