Coronavirus: दुनिया में डेढ़ लाख से ज्यादा की मौत, इनमें से 73% मौतें अमेरिका, इटली, स्पेन, फ्रांस और यूके में

Coronavirus in World: More than one and a half million deaths in the world
Coronavirus: दुनिया में डेढ़ लाख से ज्यादा की मौत, इनमें से 73% मौतें अमेरिका, इटली, स्पेन, फ्रांस और यूके में
Coronavirus: दुनिया में डेढ़ लाख से ज्यादा की मौत, इनमें से 73% मौतें अमेरिका, इटली, स्पेन, फ्रांस और यूके में

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। कोरोना वायरस विश्वभर में अपने पैर पसार चुका है। कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में रोज बढ़ोतरी हो रही है। इस वायरस के कारण अब तक 1 लाख 52 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 73 फीसदी मौतें सिर्फ अमेरिका, इटली, स्पेन, फ्रांस और यूके में  हुई  है। www.worldometers.info वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार रात 12 बजे तक दुनियाभर में 22 लाख 19 हजार 242 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 5 लाख 66 हजार 419 लोग स्वस्थ हुए हैं, जबकि 15 लाख 855 लोग अब भी अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं 56 हजार 229 लोगों की हालत गंभीर है। वहीं, सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 36 हजार से ज्यादा हो गई है और यहां 6 लाख 90 हजार 631 लोग संक्रमित हो चुके हैं। दूसरी ओर इटली में 22,745 लोगों, स्पेन में 19,478 लोगों, फ्रांस में 18,681 लोगों और 14,576 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश संक्रमित मौत ठीक हुए
अमेरिका 6,90,631 36,010 58,179
स्पेन 1,88,068 19,478 74,797
इटली  1,72,434 22,745 42,727
फ्रांस 1,47,969  18,681 34,420
जर्मनी 1,38,497 4,193 81,800 
ब्रिटेन 1,08,692 13,576 उपलब्ध नहीं
चीन 82,692 4,632 77,944
ईरान 79,494 4,958 54,064
तुर्की  78,546 1,769 8,631
बेल्जियम 36,138 5,163 7,961

WHO ने कहा- वन्यजीवों के मांस के व्यापार पर कड़े प्रतिबंध लगाएं देश
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख डॉक्टर टेड्रॉस एडहनॉम गीब्रियेसिस ने सभी देशों की सरकारों से अपील की है कि वे वर्तमान समय में कोरोनो वायरस महामारी को देखते हुए खाने के लिए वन्यजीवों के मांस के व्यापार पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करें। माना जा रहा है कि कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत चीन के वुहान में मौजूद सीफूड मार्केट से हुई थी। डॉक्टर टेड्रॉस ने कहा कि जिन बाजारों में जीवित जानवरों की बिक्री होती है, यानी वेट मार्केट को फिर से खोलने की अनुमति तभी दी जानी चाहिए जब भोजन और स्वच्छता सभी मानकों का कड़ाई से पालन हो।

न्यूयॉर्क में चेहरा ढंकने का नियम लागू
अमेरिका के न्यूयॉर्क में सार्वजनिक स्थल पर लोगों के चेहरा ढंकने का नियम शुक्रवार से प्रभावी हो गया। इसके साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सामाजिक दूरी के नियम की अवधि भी एक और महीने के लिए बढ़ा दी गई है। 

ब्रिटेन सरकार ने जल्द टीका बनाने के लिए बनाया टास्कफोर्स
ब्रिटेन के व्यापार सचिव आलोक शर्मा ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सरकार सही दिशा में सही कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना से निपटने के लिए एक तरफ लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग के नियम लागू करने के लिए कह रही है और दूसरी तरफ इसके लिए जल्द से जल्द टीका बनाने की कोशिश में लगी है। सरकार ने इसके लिए एक ख़ास टास्कफोर्स का गठन भी किया है।

पुलिसकर्मियों को संक्रमित करने की साजिश में दो गिरफ्तार
ट्यूनीशिया के गृह मंत्रालय ने खुलासा किया है कि दो लोग सुरक्षाबलों को कोरोना संक्रमित करने की साजिश कर रहे थे। उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक संदिग्ध जिहादी शामिल है। गृह मंत्रालय ने कहा कि इस संदिग्ध जिहादी को हाल ही में रिहा किया गया था और उसने कोरोना संक्रमित लोगों को पुलिस और सुरक्षाकर्मियों पर खांसने के लिए कहा। दूसरे व्यक्ति ने कहा कि उसे जान-बूझकर हर ओर खांसने के लिए कहा गया जब वो निगरानी में था और उसे लोकल थाने में रिपोर्ट करना था। फिलहाल उसके कोरोना संक्रमित होने की जाँच की जा रही है।

जर्मनी में स्थिति नियंत्रण में, स्वास्थ्य मंत्री का दावा
जर्मनी के विदेश मंत्री ने कहा है कि देश में कोरोना महामारी नियंत्रण में है और संक्रमण के मामले घट रहे हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महामारी आज की तारीख में काबू करने योग्य और व्यवस्थित करने योग्य हो चुकी है। जर्मनी में संक्रमण की दर 0.7 हो गई है, यानी प्रत्येक संक्रमित व्यक्ति एक से भी कम व्यक्ति को संक्रमित कर रहा है। हालांकि मरने वालों और स्वास्थ्यकर्मियों के संक्रमित होने की संख्या अभी भी बढ़ रही है।

अफ्रीका में कोरोना से 3 लाख लोगों की जान जाने की आशंका
अफ्रीका के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक आयोग (यूएनईसीए) की एक रिपोर्ट में, अफ्रीका में कोरोना वायरस संक्रमण से 3 लाख लोगों की मौत होने की आशंका जताई है। यह आंकड़ा जारी करते हुए रिपोर्ट में बताया है कि सामान्य स्थिति में 3 लाख लोगों की मौत हो सकती है और अगर हालात खराब हुए और वायरस के फैलाव को रोकने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया गया तो अफ्रीका में 33 लाख लोगों की जान जा सकती है।

नेपाल में आज कोरोना के 14 नए मामले
नेपाल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 14 नए मामले सामने आए हैं। इन संक्रमितों में 12 भारतीय हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमण के 14 नए मामले सामने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30 तक पहुंच गई। इससे पहले नेपाल में संक्रमितों की संख्या 16 थी।

हजारों पाकिस्तानी प्रत्यावर्तन उड़ानों का कर रहे इंतजार
हजारों पाकिस्तानी विदेशों में फंसे हुए हैं। वे सभी प्रत्यावर्तन उड़ानों का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, सरकार का कहना है कि ऐसा करने की इच्छा रखने वाले नागरिकों को जल्द ही संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों से वापस लाया जाएगा। बता दें कि पाकिस्तान ने कोरोना वायरस के प्रसार को देखते हुए सभी उड़ान परिचालन को पर लगाए प्रतिबंध को 21 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है। 

रूस में पुतिन ने कहा हम भारत के शुक्रगुजार
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कोविड-19 के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं देने के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया है। पुतिन के प्रवक्ता ने कहा कि भारत सरकार ने हमें कोविड-19 के इलाज में मददगार दवाएं देने का फैसला किया है। हम उनके शुक्रगुजार हैं। दोनों देश हेल्थ सेक्टर में सहयोग के लिए पहले ही समझौता कर चुके हैं और इस दौर में यह काफी कामयाब साबित हो रहा है।

Created On :   17 April 2020 6:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story