Coronavirus in World: अब तक 1 लाख 97 हजार मौतें, इटली में 150 डॉक्टर्स की जान गई, ब्राजील में सामूहिक शव दफनाने के हालात

Coronavirus Update news live in world
Coronavirus in World: अब तक 1 लाख 97 हजार मौतें, इटली में 150 डॉक्टर्स की जान गई, ब्राजील में सामूहिक शव दफनाने के हालात
Coronavirus in World: अब तक 1 लाख 97 हजार मौतें, इटली में 150 डॉक्टर्स की जान गई, ब्राजील में सामूहिक शव दफनाने के हालात

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 2 लाख के करीब पहुंच गई है। चीन के वुहान से पूरी दुनिया में फैले इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका है। यहां अब तक 52 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और 9 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं इटली के डॉक्टर संघ ने शुक्रवार को कहा कि देश में अब तक 150 डॉक्टर्स की मौत हो चुकी है। इसके अलावा दक्षिण और मध्य अमरीका में कोरोना वायरस की वजह से संकट गहराता जा रहा है। ब्राजील की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराने की कगार पर है। अब ब्राजील के शहर मनाउस के अधिकारियों ने बताया है कि कब्रिस्तान में सामूहिक कब्रें खोदने की हालत पैदा हो गई है। कब्र खोदने वालों को एक दिन में 100 लाशें दफनानी पड़ रही है।

https://www.worldometers.info/coronavirus/ वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार शनिवार दोपहर 12 बजे तक विश्वभर में 28,32,521 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1,97,343 लोग काल के गाल में समा चुके हैं और 8,07,051 स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। वहीं 18,28,127 लोग अस्पतालों में कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। इनमें से 58,524 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं भारत में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार देश में संक्रमण के मामले 24 हजार के पार पहुंच गए हैं और मरने वालों की संख्या 775 हो गई है।

 सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 9 लाख 25 हजार 038 51 हजार 185 1 लाख 10 हजार 432
स्पेन 2 लाख 19 हजार 764 22 हजार 524 92 हजार 355
इटली  1 लाख 92 हजार 994 25 हजार 969 60 हजार 498
फ्रांस 1 लाख 59 हजार 828 22 हजार 245 43 हजार 493
जर्मनी 1 लाख 54 हजार 999 5 हजार 760 1 लाख 6 हजार 800
ब्रिटेन 1 लाख 43 हजार 464 19 हजार 506 उपलब्ध नहीं
तुर्की  1 लाख 4 हजार 912 2 हजार 600 21 हजार 737
ईरान 88 हजार 194 5 हजार 574 66 हजार 599
चीन 

82 हजार 816

4 हजार 632 77 हजार 346
रूस 68 हजार 622 615 5 हजार 568

अब तक के बड़े अपडेट्स

पाकिस्तान में 9 मई तक लॉकडाउन बढ़ा
महामारी के बढ़ते मामले को देखते हुए पाकिस्तान में 9 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। यहां अब तक संक्रमण के 11 हजार 940 मामले मिल चुके हैं, जबकि 253 लोगों की मौत हो चुकी है। पाकिस्तान के मंत्री उमर उसाद ने कहा कि लॉकडाउन का फैसला सभी प्रांतीय सरकारों से सलाह के बाद लिया गया था।

एफडीए ने घर पर जांच करने में उपयुक्त किट को मंजूरी दी
कोरोना वायरस से निपटने में एक प्रमुख कदम के तहत अमेरिका खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने घर पर कोविड-19 की जांच करने में सक्षम पहले किट को मंजूरी दे दी है, जिससे कोरोना वायरस की जांच हर घर तक पहुंचने की उम्मीद है। अमेरिकी कंपनी ‘लैब कॉर्प’ ने ऐसे पहले घरेलू टेस्ट किट को विकसित किया है। अमेरिका में इस जांच की कीमत 119 डॉलर रखी गई है। 

दुनिया में 28 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित, इसके 33 फीसदी सिर्फ अमेरिका में 
कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा असर अमेरिका पर पड़ा है। यहां संक्रमित लोगों की संख्या 9,25,758 हो गई है और 52,217 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस के संक्रमण से हफ्तों बाद सबसे कम मौतें हुई हैं। सरकार ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में 422 मौतें हुई हैं जो कि 31 मार्च को हुई मौतों के बाद सबसे कम है। उस दिन कोरोना से 391 लोगों की जान गई थी। वहीं अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित शहर न्यूयॉर्क है। यहां 2,77,445 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 21,291 लोगों ने अपनी जान गवा दी है।

भारत में संक्रमित लोगों की संख्या 24 हजार के पार
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में 1429 नए मामले सामने आए हैं और 57 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही  देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 24,506 हो गई है। इनमें से 5,063 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 775 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 18,668 संक्रमित लोग अस्पतालों में भर्ती हैं।

फ्रांस की एयरलाइन को सरकार की मदद
फ्रांस की सरकार ने एयर फ्रांस एयरलाइन को 6.1 अरब पाउंड की मदद देने की घोषणा की है, ताकि कोरोना वायरस की वजह से हुए नुकसान से उसे उबरने में मदद मिले। फ्रांस के वित्त मंत्री ब्रुनो ले मेरे ने इसकी घोषणा की है। यहां अब तक 1,59,828 हो चुके हैं और 22,245 लोगों की मौत हुई है।

ब्रिटेन में रिकॉर्ड 684 मौत
स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल विभाग के मुताबिक ब्रिटेन के अस्पतालों में शुक्रवार को रिकॉर्ड 684 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या 19,506 पहुंच चुकी है। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या में 5,386 का इजाफा होने के साथ यह संख्या 143,464 तक पहुंच चुकी हैं।

स्पेन में ठीक हो रहे मरीजों की संख्या संक्रमित मरीजों से ज्यादा हुई
स्पेन के अधिकारियों ने बताया है कि कोरोना के प्रकोप की शुरुआत होने के बाद से पहली बार ठीक हो रहे लोगों की संख्या संक्रमित हो रहे लोगों ज्यादा हो गई है। सबसे ज्यादा संक्रमितों की संख्या के मामले में स्पेन दूसरे स्थान पर है। शुक्रवार स्पेन में 2,796 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 3,105 मामलों में संक्रमित कोरोना से ठीक हुए। यहां अब तक 219,764 हो चुके हैं और 22,524 लोगों की मौत हुई है।

इटली में लॉकडाउन को लेकर छूट
इटली के अखबारों की रिपोर्ट के मुताबिक इटली में अगले चार हफ्तों तक सरकार लॉकडाउन में छूट देने जा रही है। हालांकि इसे लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह यूरोप के किसी देश में लगा अब तक का सबसे लंबा लॉकडाउन है। इटली में अब तक 1,92,994 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 25,969 लोग अपनी जान गवा चुके हैं। 

ब्रिटेन के राजनीतिक सलाहकार ने वैज्ञानिकों की बैठक में हिस्सा लिया, विवाद
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए गठित विशेषज्ञों की बैठक में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के प्रमुख राजनीतिक सलाहकार के शामिल होने के बाद सवाल उठ रहे हैं। सरकार ने स्वतंत्र वैज्ञानिक सलाहकारों की इस टीम का गठन किया है और इसके सदस्यों के नाम तब तक गोपनीय बने रहे थे जब तक कि यह द गार्डियन अखबार ने लीक नहीं कर दिया। डोमिनिक कमिंग और दूसरे सलाहकार जो इस कमिटी के सदस्य नहीं थे, उन्होंने इसकी बैठक में हिस्सा लिया है।

अमरीकी अधिकारियों ने हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन के इस्तेमाल पर चेताया
अमरीकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने डॉक्टरों को मलेरिया की दवा हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन के इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी है, क्योंकि किसी-किसी मामले में इसके साइड इफेक्ट के तौर पर मरीजों के हार्ट फेल होने की शिकायतें मिली हैं। अस्पतालों और रिसर्च अध्ययनों को इस चेतावनी से बाहर रखा गया है।

चीन का मेडिकल एक्सपर्ट दल उत्तर कोरिया रवाना
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक डॉक्टरों का एक चीनी दल उत्तर कोरिया के नेता किम-जोंग-उन को सलाह देने उत्तर कोरिया पहुंचा है। चीनी डॉक्टरों और अधिकारियों का यह दल उस वक्त उत्तर कोरिया पहुंचा है, जब किम-जोंग-उन के स्वास्थ्य को लेकर विरोधाभासी रिपोर्टें आ रही हैं। हालांकि किसी ने किम-जोंग-उन के स्वास्थ्य के संदर्भ में इस यात्रा का कोई संकेत नहीं दिया है।

Created On :   25 April 2020 6:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story